केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी में मनाई गई भव्य हनुमान जयंती: अघोरी शिव झांकी और भजन संध्या ने बांधा समां

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी में हनुमान जयंती के अवसर पर श्री बालाजी सेवा समिति द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से लेकर देर रात तक सोसायटी परिसर हनुमान भक्ति के रंग में रंगा रहा।

भव्य अभिषेक से शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे हनुमान जी के दिव्य अभिषेक एवं स्वर्ण सिंदूर चोला चढ़ाने के साथ हुई। इसके बाद 9 बजे ध्वज एवं कलश पूजन के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। दोपहर 2 बजे अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई और 3 बजे से सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

किया सामूहिक सुंदरकांड पाठ

इस आयोजन की खास बात रही 151 महिलाओं और पुरुषों द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ। भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार, इत्र वर्षा और सुंदर झांकियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। विशेष आकर्षण के रूप में अघोरी शिव झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।

भजन संध्या में सजे सुरों के रंग

भजन संध्या में गायक दिवाकर भाटिया (फरीदाबाद), गायिका सिम्पल शर्मा, सतनाम म्यूजिकल ग्रुप के साथ ही सोरभ गुप्ता (बालाजी इवेंट्स एंड आर्टिस्ट मैनेजमेंट) और राहुल शर्मा (दरबार सेवक) की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। वहीं सुंदरकांड वक्ता पं. सुमित शर्मा ने अपने प्रवचन से सभी को भावविभोर किया।

समिति और निवासियों का सहयोग

आयोजन को सफल बनाने में श्री बालाजी सेवा समिति के सुमित शर्मा, अवलोक मित्तल, प्रशांत पाण्डेय, मोहित त्यागी, केके शर्मा, तनुज चौहान, राजकुमार जी, सचिन त्यागी, राहुल बंसल और अतुल सिंघल सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान भंडारा प्रसाद और स्वामनी भोग का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ