क्या है ग्रेटर नोएडा निक्की मर्डर केस का सच? दहेज, अफेयर या आत्महत्या... हर दिन बदल रही तस्वीर ने उलझाया मामला!

विभु मिश्रा

ग्रेटर नोएडा। सिरसा गांव की रहने वाली निक्की भाटी की मौत ने पूरे इलाके ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। 21 अगस्त को हुई इस घटना ने शुरुआत में दहेज हत्या का रूप लिया, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ रही है, नए-नए दावे, बयान और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो इस केस को रहस्यमयी और पेचीदा बनाते जा रहे हैं। कभी पति और ससुराल वालों पर दहेज मांगकर हत्या का आरोप लगता है, कभी पति के अफेयर की वजह सामने आती है, तो कभी वीडियो देखकर आत्महत्या की थ्योरी जोर पकड़ लेती है।

दहेज में 36 लाख की मांग का आरोप

निक्की के मायके वालों ने शुरू से ही पति विपिन भाटी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि निक्की को 36 लाख रुपये दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और इसी वजह से उसे जिंदा जलाकर मार दिया गया। इस आधार पर पुलिस ने निक्की के पति विपिन, उसकी मां दया भाटी, पिता सतवीर भाटी और भाई रोहित को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न की धाराएं लगाई गई हैं।

अफेयर की कहानी से बदला एंगल

लेकिन मामला यहां रुक नहीं गया। निक्की के भाई ने पुलिस को बयान दिया कि विपिन का लंबे समय से किसी दूसरी महिला से अफेयर चल रहा था। निक्की की बहन ने भी पहले आरोप लगाया था कि दहेज मांगने के साथ-साथ ससुराल वाले विपिन की दूसरी शादी कराने की कोशिश कर रहे थे। इस बयान ने केस को पूरी तरह नया मोड़ दे दिया।

वायरल वीडियो ने उलझाई गुत्थी

गांव के लोगों ने कई सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनसे इस केस की दिशा बदलती नजर आने लगी।
  • एक वीडियो में निक्की की सास अपने बेटे विपिन को पीटती हुई दिख रही है। दावा किया जा रहा है कि यह वही फुटेज है जिसे पहले विपिन और उसकी मां द्वारा निक्की को बाल पकड़कर खींचने वाला बताया गया था। वीडियो जारी करने वाले के अनुसार असलियत यह है कि सास विपिन को मार रही थी और निक्की को छुड़ा रही थी।
  • एक अन्य वीडियो में विपिन हादसे के वक्त अपने बेटे के साथ गली के बाहर कार धोते दिख रहा है और फिर अचानक घर की तरफ भागता है। पड़ोसियों का कहना है कि घटना के वक्त वह बाहर था। उसे और उसके परिवार को झूठा फंसाया जा रहा है।
  • तीसरे वीडियो ने सबको चौंका दिया। इसमें निक्की खुद जलती हुई सीढ़ियों से नीचे उतरती दिखाई देती है। पीछे से उसकी बहन की रोती हुई आवाज आ रही है-“निक्की तूने क्या कर लिया।” इस फुटेज के आधार पर आत्महत्या की संभावना भी खड़ी हो गई है।

इंस्टाग्राम रील्स बनीं विवाद की वजह?

गांव के कुछ निवासियों का कहना है कि निक्की और उसकी बहन घर में ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और इंस्टाग्राम पर मेकओवर रील बनाती थीं। इस पर निक्की का पति विपिन और उसका भाई रोहित आपत्ति जताते थे। निक्की के पिता सवाल करते हैं कि क्या रील बनाना और पार्लर चलाना कोई गुनाह था? उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष निक्की की तरक्की और सोशल मीडिया एक्टिविटी से नाखुश था और इसी कारण उसे प्रताड़ित किया गया।

महिला आयोग का सख्त रुख

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) भी सक्रिय हो गया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक से संपर्क कर तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग ने सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, पीड़िता के परिवार व गवाहों को सुरक्षा और निष्पक्ष व समयबद्ध जांच की मांग की है।

जांच में उलझा केस

पुलिस अब दहेज, अफेयर, आत्महत्या और सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े सभी एंगल खंगाल रही है। रोज सामने आ रहे नए वीडियो और विरोधाभासी बयान इस केस को और जटिल बना रहे हैं। एक ओर पीड़िता का परिवार हत्या का आरोप लगाकर न्याय की मांग कर रहा है, वहीं ससुराल पक्ष खुद को बेगुनाह बताते हुए वीडियो को सबूत के तौर पर पेश कर रहा है।

निक्की भाटी केस अब सिर्फ एक दहेज हत्या की कहानी नहीं रहा। यह सामाजिक रिश्तों, निजी जीवन, सोशल मीडिया की ताकत और पुलिस जांच पर उठते सवालों के बीच फंसा ऐसा रहस्यमयी मामला बन चुका है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" को जरूर फॉलो करें। 

Comments