अशोक नगर में नल से बह रहा गंदा पानी, बदबू और काली परत ने बढ़ाई चिंता, चांदी के जेवर तक पड़े काले

अशोक नगर में निगम के पानी की सप्लाई का हाल
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड 96 के अशोक नगर के ए- ब्लॉक में बीते कई दिनों से लोगों को गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई मिल रही है। आज तो गंदे पानी की सप्लाई ने इंतहा ही पार कर दी। आम ये है कि पानी में बदबू के कारण लोग कुल्ला तक नहीं कर पा रहे हैं। और तो और महिलाओं के चांदी के गहने तक पानी के संपर्क में आकर काले पड़ गए। नगर निगम की लापरवाही से नाराज नागरिक अब प्रशासनिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नलों से निकल रहा दूषित पानी

अशोक नगर के घरों में आने वाला पानी पिछले एक हफ़्ते से बेहद गंदा और बदबूदार बताया जा रहा है। आज सबसे ज्यादा गंदे पानी की सप्लाई ने लोगों की मुश्किल को और बढ़ा दिया है। पानी से उठ रही तेज दुर्गंध से लोगों का कुल्ला तक करना मुश्किल हो रहा है। पानी की बदबू से लोगों को उल्टी तक हो गई। स्थानीय लोगों ने जब इस पानी को उबालकर देखा तो उसमें झाग और काली परत जम गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी इतना दूषित है कि चांदी के गहने तक काले पड़ रहे हैं।
गंदे पानी से काली पड़ी चांदी की पायल

स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा

कालोनी के लोगों पर इस दूषित पानी का बुरा असर पड़ने की आशंका है। कई लोगों को पेट दर्द और उल्टी जैसी शिकायतें भी होने लगी हैं। हालात यह हैं कि लोग पीने के लिए सुबह सुबह बोतलबंद पानी खरीदकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। बाथरूम और किचन में पानी चलाने पर खड़ा होना तक दुश्वार हो रहा है। और तो और पानी के संपर्क में आने पर शरीर में खुजली की शिकायत भी लोगों को हो रही है। 

नगर निगम पर बरसी जनता

स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि मेयर सुनीता दयाल तक इसी वार्ड की है लेकिन वो भी कभी लोगों का हालचाल लेने तक नहीं आईं। 
निगम अधिकारी केवल टैक्स वसूली में सक्रिय है, लेकिन साफ पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कोई नहीं निभा रहा। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे। उधर क्षेत्रीय पार्षद अजीत निगम ने इस समस्या के तुरंत समाधान का आश्वासन दिया है। 

जांच और कार्रवाई की मांग

रिहायशी लोगों ने प्रशासन से पानी की जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह समस्या समय रहते नहीं सुलझाई गई तो इलाके में जलजनित बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" को जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ