- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
राजनगर एक्सटेंशन में बड़ा हादसा टला, निगम कॉम्प्लेक्स का लेंटर डालने के दौरान सपोर्टर गिरे, बची मजदूरों की जान
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
![]() |
| सपोर्टर गिरने के बाद फोटो में दिखती लेंटर की ताजा सामग्री |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में चार्म्स कैसल के बराबर नगर निगम के निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लेंटर डालने के दौरान लकड़ी के सपोर्टर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि वहां मजदूरों के परिवार और छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद थे।
छह हजार वर्गमीटर में निर्माण
नगर निगम का यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स करीब छह हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रहा है। हादसे वाली साइट पर ठेकेदार फर्म के सुपरवाइजर आकाश त्यागी ने बताया कि इस कॉम्पलेक्स में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और अपर ग्राउंड फ्लोर तैयार किए जा रहे हैं। प्रोजेक्ट का ठेका फर्म सुनील गर्ग एंड कंपनी के पास है, जबकि मौके पर ठेकेदार के रूप में अरुण त्यागी काम देख रहे हैं।
![]() |
| मौके पर गिरे पड़े सपोर्टर और लेंटर का मलबा |
लेंटर के दौरान गिरे सपोर्टर
सोमवार को लेंटर डालने का काम चल रहा था, तभी शाम के वक्त अचानक साइडों से लेंटर को रोकने वाले लकड़ी के सपोर्टर गिर पड़े। उस दौरान ऊपर तो काफी संख्या में मजदूर मौजूद थे ही नीचे बिल्डिंग में भी काफी संख्या में मजदूरों के परिवार की महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी गुरु भारद्वाज ने बताया जिस वक्त ये हादसा हुआ वो वहां से गुजर रहे थे। शोर मचते देख उन्होंने वहां जाकर देखा तो सपोर्टर और ताजे लेंटर का मलबा नीचे गिरे पड़े थे। इस दौरान मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। मौके पर मौजूद अन्य लोगों का कहना है कि यदि उस समय पूरा ढांचा असंतुलित हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटिया सामग्री का आरोप
निर्माण में कमजोर बीम और तय मानक से कम गुणवत्ता की सामग्री इस्तेमाल किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि अगर शुरुआती चरण में ही सपोर्ट सिस्टम जवाब दे रहा है, तो पूरी इमारत की मजबूती पर सवाल उठना लाजिमी है।
![]() |
| सुपरवाइजर आकाश त्यागी |
ऐसा हो जाता है: सुपरवाइजर
मौके पर मौजूद सुपरवाइजर आकाश त्यागी ने सफाई देते हुए कहा कि ये लकड़ी के सपोर्टर हैं और ऐसा कई बार हो जाता है। हैरत की बात ये है कि निर्माण में कॉम्प्लेक्स के बीम में हल्का और कम सरिया लगाया जा रहा है। जिस पर सुपरवाइजर ने बताया कि नक्शे के हिसाब से सरिया और अन्य निर्माण सामग्री लगाई जा रही है। हालांकि, इस बयान ने जिम्मेदारी से ज्यादा लापरवाही का संकेत दिया है। सवाल यह है कि जब मजदूरों के परिवार और बच्चे साइट पर मौजूद हों, तब सुरक्षा इंतजाम इतने हल्के कैसे हो सकते हैं?
सख्त कार्रवाई की जरूरत
हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिसकी समय रहते जांच और सख्त कार्रवाई की जरूरत है।
![]() |
| बिल्डिंग में मौजूद मजदूरों के परिवार |
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
Building Safety
Collapsed
Construction Negligence
Ghaziabad news
Nagar Nigam Shopping Complex
Raj Nagar Extension
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें