गाजियाबाद। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचता दिख रहा है। गाजियाबाद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर शुक्रवार रात से 60 रुपये महंगा हो गया है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके साथ ही गैस कंपनियों ने नया नियम लागू करते हुए दो सिलेंडरों की डिलीवरी के बीच कम से कम 21 दिन का अंतर अनिवार्य कर दिया है।
युद्ध से बढ़ी चिंता
भारत में इस्तेमाल होने वाली करीब 80 प्रतिशत एलपीजी खाड़ी देशों से आयात होती है। ऐसे में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका, इजरायल व ईरान के बीच जारी संघर्ष को देखते हुए सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसी संभावित संकट को ध्यान में रखते हुए गैस कंपनियों ने बुकिंग नियमों में सख्ती शुरू कर दी है।
बुकिंग पर नई पाबंदी
अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद तुरंत दूसरा सिलेंडर बुक नहीं कर पाएंगे। गैस कंपनियों ने साफ कर दिया है कि नई बुकिंग के लिए कम से कम 21 दिन का अंतर जरूरी होगा। पहले उपभोक्ता दो-तीन दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक कर लेते थे, लेकिन अब इस व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया गया है।
12 लाख उपभोक्ताओं पर असर
गाजियाबाद में करीब 12 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं और लगभग 95 गैस एजेंसियां घरों तक सिलेंडर पहुंचाती हैं। गाजियाबाद एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार के मुताबिक फिलहाल जिले में गैस की सप्लाई सामान्य है और घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि नई कीमतों के बाद अब घरेलू उपभोक्ताओं को रिफिल के लिए 60 रुपये और कमर्शियल उपभोक्ताओं को 115 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें