अशोक नगर ए-ब्लॉक में वैदिक मंत्रों के बीच प्रज्वलित हुई होलिका, सजी परंपरा की ज्योति

अशोक नगर में होलिका दहन होते हुए
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। अशोक नगर ए ब्लॉक स्थित पार्क में होलिका दहन इस वर्ष पूरी श्रद्धा, विधि-विधान और पुरातन परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। मंत्रोच्चार और पूजन के बाद ब्लॉक के बुजुर्गों के हाथों होलिका में अग्नि प्रज्वलित की गई। अग्नि की लपटें उठते ही वातावरण में धार्मिक आस्था और उत्सव का भाव स्पष्ट झलकने लगा।

मंत्रों संग अग्नि प्रज्ज्वलन

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने एक स्वर में “ॐ प्रह्लादाय विद्महे, होलिकायै धीमहि, तन्नो अग्नि प्रचोदयात्।” मंत्र का उच्चारण करते हुए होलिका मैया की जय के जेकर लगाए। इसके साथ परम्परा निभाते हुए होलिका मैया की परिक्रमा कर सभी ने परिवार की सुख-समृद्धि और संकटों के नाश की कामना की।

हर वर्ग की भागीदारी

ए ब्लॉक के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। होलिका दहन के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। देश में सुख, शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे की प्रार्थना की गई।

परंपरा से जुड़ाव

कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों ने नई पीढ़ी को होलिका दहन की कथा सुनाई और समझाया कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि परंपराएं तभी जीवित रहती हैं, जब समाज उन्हें पूरे सम्मान और सहभागिता से निभाता है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ