भोवापुर केस में बीट पुलिसिंग से उजागर हुआ संवेदनशील नेटवर्क, कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ की दूरदर्शिता की देन
गाजियाबाद। कौशांबी के भोवापुर में छह संदिग्धों की गिरफ्तारी को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब यह मामला गाजियाबाद कमिश्नरेट की बीट पुलिसिंग प्रणाली की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है। शुरुआती कार्रवाई के बाद हुई जांच में सामने आए तथ्यों ने साफ कर दिया है कि यह खुलासा महज संयोग नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम कर रही खुफिया व्यवस्था, सतत निगरानी और स्थानीय नेटवर्किंग का परिणाम था।
बीट इनपुट से खुलासा
14 मार्च 2026 को बीट ड्यूटी के दौरान आरक्षी विनेश चौधरी को भोवापुर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इनपुट था कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन और कैंटोनमेंट जैसे अति संवेदनशील स्थानों की फोटो और वीडियो बनाकर विदेशी नंबरों पर भेज रहे हैं और इसके बदले ऑनलाइन भुगतान ले रहे हैं। सूचना को तत्काल थाना प्रभारी और एसीपी स्तर तक पहुंचाया गया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों सुहेल मलिक उर्फ रोमियो, साने इरम उर्फ महक, प्रवीन, राज वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि और रितिक गंगवार को गिरफ्तार किया।
जांच में गहराया मामला
गिरफ्तारी के बाद जब मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई तो विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप चैट, संवेदनशील स्थानों की फोटो और वीडियो सामने आए। दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन के आसपास सोलर कैमरे लगाए जाने के भी साक्ष्य मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय खुफिया एजेंसियां अब इस मामले की जांच कर रही हैं। सोनीपत में लगाया गया कैमरा भी बरामद कर लेने की सूचना है।
![]() |
| गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड |
बीट प्रणाली का पूरा ढांचा
गाजियाबाद कमिश्नरेट में आयुक्त जे. रविन्दर गौड ने 24 अप्रैल 2025 से बीट प्रणाली लागू करते हुए पूरे क्षेत्र को सूक्ष्म स्तर पर 2131 बीट में विभाजित किया था। नगर, ट्रांस हिंडन और ग्रामीण जोन में बांटी गई इन बीटों पर 941 बीट उपनिरीक्षक (BSI) और 1431 बीट पुलिस अधिकारी (BPO) तैनात हैं। इनकी जिम्मेदारी 24×7 अपने क्षेत्र में निगरानी रखना, स्थानीय नागरिकों, किरायेदारों और प्रतिष्ठानों से संपर्क बनाए रखना और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखना है। इस व्यवस्था के तहत पारंपरिक पुलिसिंग को इंटेलिजेंस आधारित और कम्युनिटी पुलिसिंग में बदला गया है, जहां सूचना का स्रोत सीधे जनता और स्थानीय नेटवर्क बनते हैं।
कैसे काम करती है बीट पुलिसिंग
बीट प्रणाली का मूल आधार माइक्रो लेवल पुलिसिंग है, जिसमें हर बीट एक सीमित क्षेत्र को कवर करती है। इससे बीट अधिकारी अपने क्षेत्र के लोगों, संदिग्ध गतिविधियों और स्थानीय परिस्थितियों से भली-भांति परिचित रहते हैं। स्थानीय संपर्क और मुखबिर तंत्र के जरिए रियल-टाइम सूचना मिलती है, जिससे संभावित अपराधों का पूर्व आकलन संभव होता है। इसके साथ ही इस मॉडल में जवाबदेही तय है। हर बीट की जिम्मेदारी स्पष्ट होने से किसी भी घटना पर सीधे जिम्मेदारी तय की जा सकती है। यही वजह है कि अब पुलिसिंग रिएक्टिव नहीं, बल्कि प्रिवेंटिव यानी पहले से रोकथाम पर केंद्रित हो गई है।
कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड का विजन
पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड ने इस व्यवस्था को कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से लागू किया था। वे नियमित रूप से बीट अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी समीक्षा करते हैं और फील्ड स्तर पर फीडबैक लेते हैं। उनका फोकस साफ है कि पुलिसिंग को जमीनी स्तर पर मजबूत किए बिना बड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें