नामांकन रद्द होते ही ‘सेवी विला डे’ का चुनाव एकतरफा: पूर्व एओए के छह दावेदार बाहर

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित सेवी विला डे सोसायटी में 22 मार्च को होने वाले एओए चुनाव ने अचानक नया मोड़ ले लिया है। नामांकन की अंतिम सूची जारी होते ही मुकाबला दिलचस्प से ज्यादा एकतरफा नजर आने लगा है। चुनाव अधिकारी मयंक कुमार ने 20 में से 6 नामांकन खारिज कर दिए, जिसके बाद अब मैदान में 14 प्रत्याशी ही बचे हैं।

छह नामांकन एक साथ रद्द

जारी सूची के मुताबिक जिन छह उम्मीदवारों के नामांकन खारिज किए गए हैं, उनमें विवेक अरोड़ा, हेमंत कुमार, वीरेंद्र कुमार पांडेय, जयंत कुमार, मीना देवी और रमाकांत बराल शामिल हैं। चुनाव अधिकारी के अनुसार इन सभी उम्मीदवारों ने नामांकन के दौरान महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया था, जो जांच में सामने आया। इसी आधार पर उनके पर्चे निरस्त कर दिए गए।

पूर्व एओए पर सीधा असर

चौंकाने वाली बात यह है कि जिन छह लोगों के नामांकन रद्द हुए, वे सभी पिछली एओए के पदाधिकारी रह चुके हैं। यह वही एओए है जो करीब तीन साल तक सत्ता में रही और जिस पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप भी हैं। डीएम की संस्तुति पर इन पदाधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल कर चुकी है। अब इस मामले में 30 मार्च को पहली सुनवाई तय है। 
चुनावी होर्डिंग्स से अटी पड़ी सोसायटी

मुकाबला हुआ सीमित

नामांकन खारिज होने के बाद चुनाव का समीकरण पूरी तरह बदल गया है। अब दूसरी टीम के नौ उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि एक निर्दलीय प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहा है। ऐसे में मुकाबला पहले जितना कड़ा दिख रहा था, अब उतना संतुलित नहीं रह गया है।

14 प्रत्याशी मैदान में

अंतिम सूची में अमित कुमार, गरिमा सिंह, गौरव गुप्ता, महेश कुमार यादव, मनीष कुमार गर्ग, मनीष कुमार त्रिपाठी, नेपाल सिंह, राकेश कुमार त्यागी, रीति सिंह, सत्यजीत कुमार, शिल्पी, सुबोध त्रिपाठी, वेदी राम और विकास सिंह के नाम शामिल हैं।

चुनाव से पहले बढ़ी सियासत

चुनाव अधिकारी के इस फैसले ने सोसायटी की राजनीति को और गरमा दिया है। एक तरफ इसे नियमों के पालन की सख्ती माना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ इसे पुराने प्रबंधन के लिए बड़ा झटका भी समझा जा रहा है। अब सबकी नजर 22 मार्च को होने वाले मतदान पर टिकी है, जहां नई एओए की तस्वीर साफ होगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ