गुलमोहर गार्डन में अनोखा चुनावी अंदाज: बिना डोर-टू-डोर प्रचार, व्हाट्सएप से ही वोटरों तक पहुंच रहीं सीमा गिल
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसायटी में एओए चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे प्रचार के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। इस बार चुनावी मैदान में एकमात्र निर्दलीय प्रत्याशी सीमा गिल अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। जहां अन्य प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क में जुटे हैं, वहीं सीमा गिल ने पूरी तरह व्हाट्सएप आधारित प्रचार रणनीति अपनाई है।
व्हाट्सएप से चुनावी संपर्क
सीमा गिल दिन में अपनी नौकरी करती हैं और शाम को घर लौटने के बाद सोसायटी के निवासियों से व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार संवाद स्थापित कर रही हैं। बिना घर-घर जाकर वोट मांगने के बावजूद उनका यह तरीका लोगों के बीच तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वह इसी माध्यम से सक्रिय रही हैं, इसलिए चुनाव के दौरान भी उसी भरोसे को आगे बढ़ा रही हैं।
सीमा गिल का रुख
चुनाव में अकेली निर्दलीय उम्मीदवार होने के नाते सीमा गिल ने किसी भी टीम या गुट से दूरी बनाए रखी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि उनका उद्देश्य किसी पक्ष का समर्थन करना नहीं, बल्कि चुनाव जीतने वाले सदस्यों को उनके वादों के प्रति जवाबदेह बनाना है। उनका फोकस सोसायटी के हित में हर सही फैसले के साथ खड़े रहने और जरूरत पड़ने पर दबाव बनाने पर है।
वादों से ज्यादा जिम्मेदारी
सीमा गिल ने निवासियों के सामने यह भी स्पष्ट किया है कि उनका कोई अलग से घोषणा पत्र नहीं है, क्योंकि उनके अनुसार जो भी सदस्य चुने जाएंगे, उनका मूल उद्देश्य सोसायटी के हित में काम करना होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जीतने वाले सदस्यों से उनके वादों को लागू कराने के लिए लगातार सक्रिय रहेंगी और हर सही काम में पूरा सहयोग देंगी।
पारदर्शिता और उपलब्धता का वादा
अपनी प्राथमिकताओं को लेकर उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और उपलब्धता उनके काम का आधार होगी। उन्होंने बताया कि वह सप्ताह में कम से कम दो दिन पूरी तरह सोसायटी के कार्यों को समर्पित करेंगी, इसके लिए हर माह अतिरिक्त चार छुट्टियां भी लेंगी। नौकरी के समय के बाद भी वह लगातार उपलब्ध रहेंगी और एक निजी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर के जरिए निवासी अपनी शिकायत या जानकारी साझा कर सकेंगे, जिसकी गोपनीयता बनाए रखी जाएगी।
उल्टा जनसंपर्क
सीमा गिल का कहना है कि वह चुनाव के बाद ही व्यक्तिगत जनसंपर्क शुरू करेंगी, क्योंकि वह अपनी ऊर्जा को वास्तविक कार्यों के लिए बचाकर रखना चाहती हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने इस चुनाव में केवल नामांकन शुल्क ही अपने जुनून के चलते भरा है और उनका उद्देश्य पद हासिल करना नहीं, बल्कि सोसायटी की व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें