इनमैनटेक संस्थान में पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को नशे और साइबर अपराध से किया सतर्क

छात्रों को संबोधित करतीं एसीपी प्रियाश्री पाल
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। कमिश्नरेट के वेव सिटी थाना क्षेत्र स्थित इनमैनटेक संस्थान में शुक्रवार को पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।

नशे के दुष्प्रभाव पर जोर

कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि व्यक्ति के भविष्य और समाज पर भी इसका बुरा असर पड़ता है। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
संस्थान में पौधारोपण करतीं एसीपी

पौधारोपण से हुई शुरुआत

जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संदेश दिया कि जैसे एक पेड़ समाज को जीवनदायिनी हवा और छाया देता है, उसी तरह जागरूकता भी समाज को सुरक्षित और मजबूत बनाती है। इसके बाद छात्रों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने भी अपने विचार साझा किए।

महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन जानकारी

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा उपाय और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1076, 1098 और 181 के बारे में भी छात्रों को जानकारी दी गई।

साइबर अपराध से बचाव के उपाय

पुलिस टीम ने छात्रों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बारे में बताते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की। इस दौरान गोल्डन ऑवर की अहमियत, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और पोर्टल cybercrime.gov.in के बारे में जानकारी दी गई। कॉलेज प्रबंधन ने भी इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने में मददगार साबित होते हैं।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ