गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसायटी में एओए चुनाव के लिए मतदान में अब कुछ ही घंटे शेष रह गए हैं। इसे में प्रशासन ने निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 1331 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर नई सत्ता का चुनाव करेंगे।
दो फेज, अलग-अलग व्यवस्था
चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश तेवतिया ने बताया कि चुनाव को सुचारु बनाने के लिए फेज-1 और फेज-2 के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। दोनों फेस के मतदाताओं के लिए अलग-अलग बैलेट पेपर तैयार किए गए हैं और मतदान भी अलग-अलग बूथ पर कराया जाएगा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
मतदाताओं का पूरा आंकड़ा
सोसायटी में कुल 1331 मतदाता हैं, जिनमें फेज-1 के 653 और फेज-2 के 678 वोटर शामिल हैं। सभी मतदाता अपने-अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को वोट देकर सोसायटी की नई कमेटी तय करेंगे।
पोलिंग एजेंट और सुरक्षा
डॉ. तेवतिया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए दोनों पैनल को चार-चार पोलिंग एजेंट और निर्दलीय प्रत्याशी सीमा गिल को दो पोलिंग एजेंट नियुक्त करने की अनुमति दी गई है। वहीं, मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नंदग्राम थाने से पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
शाम को मतगणना, रात तक नतीजे
उन्होंने बताया कि मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके बाद प्रत्याशियों और उनके पोलिंग एजेंट्स की मौजूदगी में मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जिससे रात तक सोसायटी को नई एओए मिल जाएगी।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें