यूनिनव हाइट्स में शुरू हुआ 51 दिन का योग चैलेंज महाअभियान

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की यूनिनव हाइट्स सोसाइटी में यूनिनव योगा ग्रुप ने 51 दिवसीय योग चैलेंज का शुभारंभ किया। भारत सरकार की फिट इंडिया मुहिम से प्रेरित यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में किया गया। पहले दिन “योग जरूरी है” विषय पर ड्रॉइंग प्रतियोगिता हुई और बच्चों ने योगाभ्यास भी किया।

पहले दिन बच्चों ने सीखे आसन

उद्घाटन सत्र में आयोजक बुद्धराम यादव, संजीव तेवतिया और नितिन जैन ने बच्चों और बड़ों को योगा सिखाया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से एकाग्रता बढ़ती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और शारीरिक विकास बेहतर होता है। सभी प्रतिभागी बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

51 दिन रोज सुबह सत्र

आयोजकों के अनुसार यह चैलेंज 51 दिनों तक चलेगा। प्रतिदिन प्रातः सोसाइटी के सेंट्रल पार्क में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और ध्यान के सत्र होंगे। सोसाइटी के निवासी बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं।

योग दिवस पर सम्मान समारोह

यह अभियान 20 जून तक चलेगा। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोसाइटी परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और सम्मान दिया जाएगा। एओए महासचिव अमित सिलावट ने यह जानकारी दी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ