 |
| कैंप में स्वगणना की प्रक्रिया समझाते एओए पदाधिकारी |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। भारत सरकार की ओर से शुरू किए गए जनगणना 2026 के पहले चरण ‘स्वगणना’ को लेकर राजनगर एक्सटेंशन, क्रॉसिंग रिपब्लिक और गोविंदपुरम की कई सोसायटियों में रविवार को जागरूकता अभियान तेज नजर आया। प्रशासन की अपील पर कई सोसायटियों में एओए और आरडब्ल्यूए की तरफ से सहायता कैंप लगाए गए, जहां निवासियों को ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया समझाई गई और फॉर्म भरने में मदद की गई। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेते हुए डिजिटल जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग दिया।
 |
| एम्यूरेशन फॉर्म भरने में रेजिडेंट्स की मदद करते हुए |
यूनिनव हाइट्स
राजनगर एक्सटेंशन की यूनिनव हाइट्स सोसायटी में रविवार को स्वगणना सहायता कैंप आयोजित किया गया। कैंप का उद्देश्य निवासियों को स्वगणना प्रक्रिया में सहयोग और आवश्यक मार्गदर्शन देना रहा। कैंप के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और ऑनलाइन प्रक्रिया को समझा। सोसायटी प्रबंधन की ओर से निवासियों की जागरूक भागीदारी पर आभार जताया गया। सोसायटी के सचिव अमित सिलावट ने बताया कि प्रशासन की इस राष्ट्रीय मुहिम में सोसायटी के निवासी पूरा सहयोग करेंगे और ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
 |
| प्रोजेक्टर पर समझाते हुए |
गार्डेनिया स्क्वायर
गार्डेनिया स्क्वायर सोसायटी के क्लब हाउस में भी जनगणना 2026 के तहत स्वगणना कैंप लगाया गया। कैंप में विवेक शर्मा, आशुतोष चंदन, अंकिता चक्रवर्ती, प्रवीण जोशी, अंकिता श्रीवास्तव और सुनील वर्मा जैसे वालंटियर्स ने निवासियों की ऑनलाइन फॉर्म भरने में मदद की। अभियान के दौरान 12 निवासियों ने सफलतापूर्वक अपनी स्वगणना पूरी की। शुरुआत में लोकेशन टैगिंग और पिनिंग में कुछ तकनीकी दिक्कतें आईं, लेकिन बाद में उन्हें भी हल कर लिया गया। वालंटियर्स ने लोगों को विस्तार से प्रक्रिया समझाई ताकि आगे किसी को परेशानी न हो।
जीएच-7 में शिविर
क्रॉसिंग रिपब्लिक की जीएच-7 सोसायटी के क्लब हाउस में भी स्वगणना सहायता कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी गई। सीआरआईएओए जीएच-7 के अध्यक्ष डॉ. रोहित चौधरी ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों के अनुसार लोगों को जागरूक करने और हर परिवार तक स्वगणना की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।
 |
| गौड़ सोसायटी में लगा बैनर |
गौड़ सोसायटी
गौड़ होम्स गोविंदपुरम आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष ने बताया कि सोसायटी में बैनर लगाकर लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं गौड़ ग्लोबल में भी लोगों को ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया गया। सोसायटी अध्यक्ष क्षितिज और उनकी टीम ने निवासियों की स्वगणना प्रक्रिया पूरी कराने में मदद की। इसके अलावा महंगा मस्कट सोसायटी में भी सहायता कैंप लगाकर लोगों को स्वगणना के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रशासन की पहल के बाद अब सोसायटियों में लोग बढ़-चढ़कर डिजिटल जनगणना अभियान से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें