राजनगर एक्सटेंशन में दो गुटों में जमकर मारपीट, केडब्ल्यू सृष्टि गेट पर चले लात-घूंसे और डंडे, वीडियो वायरल
![]() |
| केडब्ल्यू सृष्टि के गेट पर होती मारपीट |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। पॉश इलाके राजनगर एक्सटेंशन से मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी के मेन गेट पर कॉलेज छात्र जैसे दिखने वाले दो गुट आपस में भिड़ गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
किसी बिल्डिंग के ऊपर फ्लोर से बनाए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक गुट के लड़के पहले दूसरे गुट के लड़कों को लात-घूंसों से पीटने लगते हैं। इसके बाद वे भागकर गेट के पास खडी अपनी दो कारों के पास जाते हैं। कार से डंडे निकालकर वे दोबारा लौटते हैं और दूसरे गुट पर हमला बोल देते हैं। डंडों से हमला होते ही सड़क पर भगदड़ मच गई। एक गुट के लड़कों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
![]() |
| दो गुटों में चलते लात-घूंसे |
वीडियो में एक लड़का जान बचाने के लिए सोसायटी के गेट के अंदर भागता नजर आ रहा है। मारपीट के कारण गेट के सामने लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। ऑटो, कार और बाइक सवार मौके पर फंसे रहे। इस दौरान कई लोग तमाशबीन बने खड़े रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव की कोशिश नहीं की।
घटना को लेकर नंदग्राम थाना एसएचओ ने जानकारी होने से इनकार किया है। वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हो सकी है। पॉश सोसायटी के बाहर हुई इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें