JCB की खुदाई में फटी IGL पाइपलाइन, गैस लीक होते ही दहशत में आए लोग; गाजियाबाद की सोसाइटी में बड़ा हादसा टला
गाजियाबाद। पॉश सोसाइटी आदित्य वर्ल्ड सिटी स्थित लक्जुरिया एस्टेट में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जेसीबी से खुदाई के दौरान आईजीएल की गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन फटते ही इलाके में गैस फैलने लगी और कुछ ही देर में पूरी सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। समय रहते पुलिस और आईजीएल की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद गैस सप्लाई बंद कराकर हालात को काबू में किया गया। घटना को लेकर निवासियों ने एओए बोर्ड पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
बेसमेंट सीपेज पर खुदाई
निवासियों के मुताबिक सोसाइटी के बेसमेंट में लंबे समय से सीपेज की समस्या बनी हुई है। इसी समस्या को दूर करने के लिए एओए की ओर से पार्क और आसपास के हिस्से में जेसीबी से खुदाई कराई जा रही थी। आरोप है कि खुदाई शुरू कराने से पहले आईजीएल, बिल्डर या संबंधित विभागों से कोई एनओसी और अनुमति नहीं ली गई। लोगों का कहना है कि गैस लाइन की जानकारी होने के बावजूद बिना सुरक्षा इंतजामों के खुदाई कराना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।
गैस की गंध से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खुदाई के दौरान अचानक तेज आवाज हुई और कुछ ही देर में गैस फैलने लगी। नीचे पहुंचे लोगों को तेज गंध महसूस हुई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। कई लोग घबराकर अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सप्लाई बंद नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के दौरान करीब दो घंटे तक गैस सप्लाई भी प्रभावित रही।
पुलिस ने रुकवाया काम
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई का काम तुरंत रुकवा दिया। इसके बाद आईजीएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस सप्लाई बंद की और पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की। काफी देर तक इलाके में सतर्कता बरती गई ताकि किसी तरह की चिंगारी या आग की घटना न हो सके। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
पारदर्शिता पर भी सवाल
घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने एओए की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि रिपेयरिंग और खुदाई से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। अब तक न तो किसी एग्रीमेंट की जानकारी साझा की गई और न ही कार्य का पूरा विवरण निवासियों को दिया गया। लोगों का कहना है कि इतने बड़े काम से पहले सुरक्षा मानकों और विभागीय अनुमति को नजरअंदाज करना गंभीर लापरवाही है।
जीडीए तक पहुंची शिकायत
घटना के बाद कई निवासियों ने मामले की शिकायत जीडीए और अन्य संबंधित अधिकारियों से की है। लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और बिना अनुमति खुदाई कराने वालों पर कार्रवाई हो। साथ ही भविष्य में सोसाइटी के अंदर होने वाले किसी भी निर्माण या रिपेयरिंग कार्य को लेकर स्पष्ट सुरक्षा प्रोटोकॉल तय किए जाएं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें