विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन के हजारों परिवार इन दिनों प्रीपेड बिजली मीटर रिचार्ज की समस्या से जूझ रहे हैं। जीनस कंपनी के प्रीपेड बिजली मीटर का ऑनलाइन रिचार्ज सिस्टम पिछले करीब 10 दिनों से बंद पड़ा है। इसके चलते उपभोक्ताओं को मीटर रिचार्ज कराने के लिए लंबी दूरी तय कर वसुंधरा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है।
लोगों की बढ़ी मुश्किल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले ऑनलाइन माध्यम से आसानी से मीटर रिचार्ज हो जाता था, लेकिन पिछले 10 दिनों से लिंक काम नहीं कर रहा है। परेशानी की बात यह है कि राजनगर एक्सटेंशन बिजलीघर पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में हजारों उपभोक्ताओं के सामने बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए वसुंधरा कार्यालय जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
सुबह से लग रही लंबी कतारें
रिचार्ज कराने पहुंच रहे लोगों का कहना है कि वे सुबह 9 बजे से ही कार्यालय के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन कई बार निर्धारित समय पर कर्मचारी नहीं पहुंचते। लोगों के अनुसार कार्यालय खुलने के काफी देर बाद तक काउंटर शुरू नहीं हो पाते, जिससे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
घंटों इंतजार के बाद मिल रही बारी
वसुंधरा कार्यालय में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के पहुंचने से रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं। कई लोगों ने बताया कि अपनी बारी आने तक उन्हें कई घंटे लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि एक काउंटर पर लाइन लगाने के बाद उन्हें दूसरे काउंटर पर भेज दिया जाता है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय स्तर पर सुविधा बहाल करने की मांग
रेजिडेंट्स का कहना है कि ऑनलाइन रिचार्ज व्यवस्था बंद होने के कारण लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि जीनस मीटर की ऑनलाइन रिचार्ज सेवा जल्द बहाल की जाए और राजनगर एक्सटेंशन बिजलीघर पर भी रिचार्ज की सुविधा शुरू की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को 20 किलोमीटर दूर वसुंधरा के चक्कर न लगाने पड़ें।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें