"बड़े सपने देखो, लगातार मेहनत करो, सफलता जरूर मिलेगी": ओझा सर ने मेधावी छात्रों को दिया सफलता का मंत्र
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए राजनगर एक्सटेंशन में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह प्रेरणा और उत्साह का केंद्र बन गया। अखिल भारतीय पूर्वांचल कल्याण संघ की ओर से गोल्डन व्यू रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी, वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के चर्चित यूपीएससी मेंटर और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करना और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास ही व्यक्ति को उसकी मंजिल तक पहुंचाते हैं। उनके संबोधन के दौरान छात्र पूरे उत्साह के साथ उनकी बातों को सुनते रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया। कार्यक्रम में दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्रों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षा सबसे मजबूत नींव
विशिष्ट अतिथि केशव चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से अपने समय का सदुपयोग करने और अनुशासित जीवन अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में पार्षद मधुकर त्यागी, संकल्पसिद्धि फाउंडेशन के अध्यक्ष राजीव झा, वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम शंकर सिंह, एयरफोर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष देवेंद्र चौबे सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षाविद, समाजसेवी और विभिन्न सोसायटियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सम्मान पाकर खिले चेहरे
समारोह के दौरान सम्मानित हुए छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई विद्यार्थियों ने इसे अपने लिए यादगार और प्रेरणादायक पल बताया। छात्रों का कहना था कि इतने बड़े मंच पर सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर अपने परिवार, समाज और शहर का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
संघ के अध्यक्ष पं. दीपक मिश्र ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में इस तरह का यह पहला बड़ा सम्मान समारोह है, जिसमें विभिन्न वर्गों और समाजों के मेधावी विद्यार्थियों को एक मंच पर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर संघ के संरक्षक राजन त्रिपाठी, सचिव बिजेंद्र कुमार बिद्रोही, संजय यादव, आशुतोष तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश तिवारी, उपाध्यक्ष बी.पी. उपाध्याय, पवन द्विवेदी, सुजीत झा तथा संगठन मंत्री अभिषेक पांडेय ने भी कार्यक्रम की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें