गाजियाबाद की सबसे पुरानी सुल्लामल रामलीला कमेटी में फिर पुरानी टीम का दबदबा, अजय बंसल लगातार दूसरी बार अध्यक्ष
गाजियाबाद। महानगर की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक सुल्लामल रामलीला कमेटी के बहुप्रतीक्षित चुनावी दंगल का रविवार को पूरी रोचकता के साथ पटाक्षेप हो गया। इस बार के चुनाव में पुरानी टीम ने एक बार फिर मैदान मारते हुए कमेटी की सत्ता पर अपना दबदबा पूरी तरह कायम रखा है। साख की इस लड़ाई में दिग्गज चेहरा अजय बंसल लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। अध्यक्ष पद पर तो सर्वसम्मति की मुहर लग गई, लेकिन बाकी छह महत्वपूर्ण पदों पर काबिज होने के लिए उम्मीदवारों के बीच पर्दे के पीछे से लेकर बैलट बॉक्स तक जबरदस्त चुनावी घमासान देखने को मिला।
अजय बंसल की लगातार दूसरी जीत
सैकड़ों साल पुरानी इस प्रतिष्ठित रामलीला कमेटी के कुल 7 प्रमुख पदों के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए थे। इनमें सबसे मुख्य अध्यक्ष पद पर अजय बंसल के पिछले कार्यकाल के बेहतर कामकाज को देखते हुए सभी सदस्यों ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। उनके सामने किसी अन्य प्रतिद्वंद्वी ने पर्चा दाखिल नहीं किया, जिसके चलते अजय बंसल लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिए गए।
पुरानी टीम ने मारा मैदान
अध्यक्ष पद का फैसला बिना किसी हलचल के होने के बाद, कार्यकारिणी की बाकी बची 6 सीटों पर चुनावी बिसात बिछ गई। इन छह पदों के लिए मैदान में उतरे कुल 12 उम्मीदवारों के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पुरानी कमेटी की टीम ने अपनी रणनीति और पैठ के दम पर इस बार भी विरोधी गुट को चारों खाने चित कर दिया। चुनाव अधिकारी डॉ राजेश तेवतिया ने बताया कि कुल 300 मतदाताओं में से कुल 274 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जबकि 23 मतदाता चुनाव से दूर रहे। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न कराया गया।
इन्हें मिली नई जिम्मेदारी
वोटों की गिनती पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश तेवतिया ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर विजेताओं के नामों पर मुहर लगा दी। जारी परिणाम के अनुसार, नरेश अग्रवाल ने महामंत्री और संजीव मित्तल ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत हासिल की। इसके अलावा अनिल चौधरी कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सुधीर गोयल कोषाध्यक्ष, प्रदीप मित्तल मंत्री और रविंद्र मित्तल लेखा परीक्षक के पद पर विजयी घोषित किए गए।
ऐतिहासिक रामलीला का संकल्प
कमेटी की सत्ता पर दोबारा मजबूती से काबिज होने के बाद पुरानी टीम के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। लगातार दूसरी बार कमान संभालने के बाद अजय बंसल और उनकी टीम ने संयुक्त रूप से कहा कि चुनावी मुकाबला अब खत्म हो चुका है और अब पूरी टीम मिलकर गाजियाबाद की इस सबसे पुरानी और गौरवशाली रामलीला को इस बार फिर नए रिकॉर्ड के साथ अभूतपूर्व और भव्य स्वरूप देगी।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें