गुलमोहर गार्डन और देविका स्काइपर्स सोसायटी को मिली ओपन जिम की सौगात, मंत्री सुनील शर्मा ने किया लोकार्पण

गुलमोहर गार्डन में ओपन जिम का लोकार्पण करते मंत्री सुनील शर्मा 
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन और देविका स्काइपर्स सोसायटी में मंगलवार सुबह विधायक निधि से बनाए गए ओपन जिम का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने किया। सबसे पहले उन्होंने सुबह करीब 7:30 बजे गुलमोहर गार्डन सोसायटी में ओपन जिम का शुभारंभ किया। इसके बाद देविका स्काइपर्स सोसायटी पहुंचकर वहां भी ओपन जिम का उद्घाटन किया। दोनों स्थानों पर उन्होंने निवासियों से संवाद करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और भविष्य में भी जनसुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिलाया।
विचार व्यक्त करते मंत्री सुनील शर्मा

स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत गुलमोहर गार्डन सोसायटी में ओपन जिम की शिला के अनावरण और लोकार्पण के साथ हुई। बड़ी संख्या में मौजूद सोसायटी के निवासियों ने नई सुविधा का स्वागत किया। मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे राजनगर एक्सटेंशन में स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है और ओपन जिम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
मंत्री के सामने सोसायटी के मुद्दे रखते अवधेश मित्तल

विकास पर खुलकर चर्चा

लोकार्पण के बाद मंत्री करीब 30 मिनट तक सोसायटी परिसर में रहे। इस दौरान उन्होंने निवासियों के साथ खुले और सकारात्मक माहौल में बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे सड़क, पार्क, जल निकासी समेत विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा की और कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सोसायटी अध्यक्ष मुकेश भटनागर ने सभी निवासियों की ओर से मंत्री का स्वागत करते हुए ओपन जिम की सौगात के लिए उनका आभार व्यक्त किया। अंत में मंत्री ने निवासियों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाई।

देविका स्काइपर्स में की कसरत

गुलमोहर गार्डन सोसायटी के कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा देविका स्काइपर्स सोसायटी पहुंचे, जहां विधायक निधि से बनाए गए ओपन जिम का खुद व्यायाम करके उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व पार्षद संजीव त्यागी भी मौजूद रहे। सोसायटी के एओए अध्यक्ष अजय त्यागी ने मंत्री को माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे और मंत्री के विचारों को सुना। उन्होंने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए मंत्री का आभार भी जताया। इस अवसर पर यज्ञ तिवारी, अखिलेंदु शुक्ला, सुनील जोशी, पुष्कर सिंह, अंकुर शर्मा, नीलम ध्यानी, मनोज पंवार और रंगनाथ सहित कई निवासी उपस्थित रहे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ