- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की हम-तुम रोड का निर्माण ऐसा उलझा है कि टेंडर जारी होने और निरस्त होने का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। कभी 24 मीटर चौड़ी सड़क के नाम पर छह मीटर का टेंडर जारी कर दिया जाता है तो कभी ठेकेदार काम छोड़कर लौट जाता है। जमीन अधिग्रहण का मामला भी अधर में है। ऊपर से सड़क निर्माण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे सोसायटीवासी भी अब अलग-अलग खेमों में बंट चुके हैं। इन परिस्थितियों के बीच सड़क निर्माण की मांग लगातार अटकी हुई है और स्थानीय लोगों को बदहाल रास्ते से गुजरने की मजबूरी बनी हुई है।
सड़क के टेंडरों में झोल
हम-तुम रोड के निर्माण को लेकर जीडीए की कार्यप्रणाली पर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। प्रस्तावित सड़क 24 मीटर चौड़ी होनी है, लेकिन पूर्व में जीडीए ने महज छह मीटर चौड़ी सड़क बनाने का टेंडर जारी कर दिया। संबंधित ठेकेदार फर्म राजश्यामा कंस्ट्रक्शन काम शुरू कराने मौके पर पहुंची तो सड़क से जुड़ी सात सोसायटियों के निवासियों ने इसका विरोध कर दिया। सोसायटीवासियों का साफ कहना था कि जब पूरी 24 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित है तो छह मीटर का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। विरोध के चलते ठेकेदार को काम शुरू किए बिना ही लौटना पड़ा और बाद में उसने खुद ही निर्माण कार्य से हाथ खींच लिए। इस तरह सड़क निर्माण की प्रक्रिया एक बार फिर ठप हो गई।
जमीन अधिग्रहण भी बना अड़ंगा
सड़क निर्माण की राह में केवल टेंडर ही बाधा नहीं हैं। जानकारी के मुताबिक, जीडीए अभी तक कुछ किसानों से प्रस्तावित सड़क के लिए जमीन भी नहीं ले पाया है। जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण भी पूरी सड़क का निर्माण शुरू करना मुश्किल बना हुआ है। दूसरी ओर, स्थानीय सोसायटीवासियों का आरोप है कि जीडीए हर बार टेंडर पास होने और निर्माण जल्द शुरू कराने का भरोसा देकर उनकी मांग को टालता आ रहा है। कई बार टेंडर जारी होने और फिर निरस्त होने के बावजूद धरातल पर सड़क की तस्वीर नहीं बदली है। अब करीब 18 महीने की देरी के बाद नए टेंडर की लागत में लगभग चार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी का मामला भी सामने आया है।
संघर्ष में भी पड़ गई दरार
हम-तुम रोड को बनवाने के लिए शुरू हुई स्थानीय लोगों की लड़ाई भी अब एकजुट नहीं रह गई है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवाज उठाने वाले सोसायटीवासी अलग-अलग खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं। इसका फायदा जीडीए को मिल रहा है और सड़क निर्माण के मुद्दे पर सामूहिक दबाव कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब तक स्थानीय लोग एकजुट होकर अपनी मांग नहीं उठाएंगे, तब तक जीडीए पर निर्माण शुरू कराने का दबाव कैसे बनेगा।
टेंडर की तारीखों पर भी सवाल
निलाया ग्रीन्स निवासी शिवम पराशर ने बताया कि राजश्यामा कंस्ट्रक्शन ने 28 सितंबर को पत्र देकर निर्माण कार्य करने में असमर्थता जताई थी, जबकि जीडीए वीसी ने छह अक्टूबर को टेंडर निरस्त किया। इसके बावजूद जीडीए ने 26 सितंबर को ही नया टेंडर जारी कर दिया था। उन्होंने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब ठेकेदार की ओर से असमर्थता जताने और पुराने टेंडर को निरस्त करने की प्रक्रिया बाद में हुई तो नया टेंडर पहले कैसे जारी हो गया। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने और देरी के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
पांच साल में 14 लोगों की गई जान
पराशर के अनुसार वर्ष 2021 से अब तक हम-तुम रोड पर हादसों में 14 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने सड़क की बदहाली को गंभीर खतरा बताते हुए मांग की कि 24 मीटर चौड़ी सड़क बनने तक कम से कम छह से सात मीटर चौड़ी आरसीसी सड़क तैयार कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन का रास्ता मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्माण की समयसीमा घोषित करने और बढ़ी हुई लागत का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग भी की।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें। ब्लॉग का वॉट्सअप चैनल जरूर फॉलो करें।
GDA Tender Controversy
Ghaziabad Development Authority
Ghaziabad news
Hum Tum Road
Maun Express
Rajnagar extension
Rajnagar Extension news
Road Construction
road safety
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें