अजनारा इंटीग्रिटी में नाबालिगों से छेड़छाड़, ‘शुगर डैडी’ बनकर आरोपी ने की हरकत… एओए की चुप्पी पर बवाल

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में शनिवार रात घटी एक घटना ने दहशत पैदा कर दी। साथ ही सोसायटी में बच्चियों की और सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोसायटी में किराए पर रहने वाले संदीप चौधरी नाम के युवक ने तीन नाबालिग बच्चियों और कुछ महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की वारदात की। आरोप है कि एओए ने जानकारी के बावजूद इस घटना को छुपाए रखा।

आयोजन के बीच वारदात

सोसायटीवासियों ने बताया कि शनिवार रात सोसायटी में गुरुवाणी पाठ का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान फेज-2 में किराए पर रहने वाले संदीप चौधरी ने सोसायटी परिसर में मौजूद तीन नाबालिग बच्चियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। अचानक हुई इस घटना से बच्चियां बहुत डर गईं। घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी।

रेजिडेंट्स का एक्शन

रविवार सुबह जैसे ही मामला खुला, तो उसकी इस हरकत की कई शिकार सामने आईं। जिसके बाद रेजिडेंट्स एकजुट होकर आरोपी के फ्लैट पर पहुंचे। उस समय वह अपने फ्लैट में नशे में धुत्त मिला। लोगों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि उसने बच्चियों को खुद को “शुगर डैडी” बताकर बहलाने और जबरदस्ती की कोशिश की।
आरोपी युवक

पहले भी कर चुका है हरकत

सोसायटीवासियों का कहना है कि आरोपी इससे पहले रिवर हाइट्स सोसायटी में भी इसी तरह की हरकत कर चुका है। इसके बावजूद उसे किराए पर फ्लैट मिलना, वेरिफिकेशन प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।

एओए पर उठे सवाल

घटना के बाद रविवार को हुई जीबीएम में भी इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई, जिससे रेजिडेंट्स में नाराजगी और बढ़ गई। सोसायटी निवासी और भाजपा नेता संदीप त्यागी ने एओए पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह घटना सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तरह नाकामी है। सबसे गंभीर ये है कि एओए पदाधिकारियों ने इस घटना को छुपाया।

एओए ने बिल्डर पर फोड़ा ठीकरा

एओए अध्यक्ष गौरव कुमार के अनुसार आरोपी फेज-2 के फ्लैट नंबर M-101 में अकेला किराए पर रह रहा था, जबकि सोसायटी में बैचलर्स को फ्लैट देने पर रोक है। उन्होंने बताया कि फेज-2 अभी बिल्डर के अधीन है और उसी के जरिए फ्लैट किराए पर दिया गया। आरोपी के परिजनों को फ्लैट खाली कराने के लिए कह दिया गया है।

आरोपी को निषेधाज्ञा में जेल

नंदग्राम थाना एसएचओ ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल आरोपी को निषेधाज्ञा में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव दें।

टिप्पणियाँ