'डिलीवरी बॉय' बनकर घुसे लुटेरे, ज्वेलरी शॉप को दिनदहाड़े लूटा, लाखों के गहने साफ, पुलिस को सीधी चुनौती!



विभु मिश्रा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिस और कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। चार शातिर बदमाश "डिलीवरी बॉय" बनकर एक ज्वेलरी शॉप में घुसे और चंद ही मिनटों में हथियार के दम पर 20 किलो चांदी, सोना और ₹20,000 नकद लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी है और पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुटी है, लेकिन यह वाकया साफ तौर पर बताता है कि अपराधियों में कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है।

पिस्टल की नोक पर दुकान पर कब्जा

यह चौंकाने वाली वारदात लिंक रोड थाना क्षेत्र के बृज विहार स्थित मानसी ज्वेलर्स में हुई। मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे, दो बाइकों पर सवार चार बदमाश दुकान पर पहुंचे। इनमें से दो बदमाश बिल्कुल डिलीवरी बॉय के गेटअप में थे और सीधे दुकान के अंदर दाखिल हो गए। उस वक्त दुकान में मालिक का बेटा शुभम वर्मा और उसका नौकर मौजूद था। अंदर घुसते ही एक बदमाश ने नौकर पर पिस्टल तान दी और उसे धमकाने लगा। जैसे ही शुभम वर्मा बाहर आए, उन पर भी हथियार तान दिया गया, जिससे वे दोनों पूरी तरह से काबू में आ गए।

पलक झपकते ही लाखों का माल साफ

लुटेरों का प्लान इतना सटीक था कि किसी को शक करने का मौका ही नहीं मिला। पिस्टल दिखाकर दुकान के कर्मचारियों को काबू करने के बाद, बदमाशों ने बिना किसी अड़चन के 20 किलो चांदी, 125 ग्राम सोना और लगभग ₹20,000 की नकदी को दो बड़े बैगों में भरा और पलक झपकते ही वहां से फरार हो गए। पूरी वारदात महज कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई। बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए कंबल जैसी पोशाक पहनी हुई थी, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो गई है।

CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस पर बढ़ता दबाव

इस दुस्साहसिक लूट के बाद से गाजियाबाद के व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ट्रांस हिंडन DCP निमिष पाटिल ने बताया कि पूरे इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन आम जनता में यह सवाल उठ रहा है कि क्या अब बदमाश पुलिस को चुनौती देकर सरेआम ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं?



टिप्पणियाँ