विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित फॉर्च्यून रेजिडेंसी में आखिरकार वह घड़ी आ गई है जब रेजिडेंट्स अपनी सोसायटी की नई सरकार चुनेंगे। लंबे समय से चल रहे विवादों और अंदरूनी खींचतान के बाद 22 फरवरी को चुनाव होगा। इस बार मुकाबला सीधा नहीं है, बल्कि तीन पैनलों के बीच त्रिकोणीय जंग है और कुल 26 प्रत्याशी मैदान में हैं। सोसायटी की सियासत में तीसरे पैनल की एंट्री ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
तीन पैनल, 26 दावेदार
चुनावी मैदान में सबसे पहले टीम एफएएफ अपने प्रत्याशियों के साथ उतरी है। इस पैनल में अजीत कुमार उपाध्याय, मनोज कुमार, नागेंद्र सिंह तोमर, नीरज विजयवर्गीय, नितिन शर्मा, रितु सिंह भाटी, संतोष कुमार, सीमा सक्सेना, सुधीर शर्मा और विनय कुमार शर्मा शामिल हैं।
दूसरा पैनल फॉर्च्यून सेवक संघ के नाम से मैदान में है। इस पैनल से अरुण कुमार मिश्रा, अरविंद कुमार, चन्द्र मोहन शर्मा, दीपांशु त्यागी, ईशान वांचू, कुलदीप मिश्रा, मेघा मित्तल, सुनील सैनी, श्रीमती सुरेखरी शुक्ला और विपिन कुमार बालियान चुनाव लड़ रहे हैं।
तीसरे पैनल के रूप में इस बार फॉर्च्यून एक परिवार टीम ने एंट्री की है, जिसने मुकाबले को रोचक बना दिया है। इस पैनल में नितिन शर्मा, सीमा, नीलू शर्मा, विकास शर्मा, आशीष प्रकाश श्रीवास्तव और राजेश राणा शामिल हैं।
अपने-अपने दावे
तीनों पैनलों के प्रत्याशी अपने-अपने विकास के दावों और मेनिफेस्टो के साथ वोटर रेजिडेंट्स को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटे हैं। कोई पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन की बात कर रहा है तो कोई सुरक्षा, मेंटेनेंस और सुविधाओं के विस्तार को मुद्दा बना रहा है। सोसायटी में इन दिनों डोर-टू-डोर संपर्क और छोटे-छोटे समूहों में बैठकें तेज हो गई हैं।
तीसरे पैनल से बढ़ी सियासी गर्मी
सूत्रों के मुताबिक फॉर्च्यून एक परिवार टीम के गठन से फॉर्च्यून सेवक संघ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि संघ के दो सदस्यों ने अलग होकर ही नया पैनल बनाया और चुनावी मैदान में उतर गए। फॉर्च्यून सेवक संघ से जुड़े सूत्रों का आरोप है कि यह सब पूर्व एओए की शह पर हुआ है और अपनी संभावित हार को देखते हुए संघ को दो फाड़ करने की रणनीति रची गई। हालांकि इन आरोपों पर आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोसायटी की गलियों में यही चर्चा सबसे ज्यादा गर्म है।
666 वोटर तय करेंगे भाग्य
चुनाव अधिकारी ऋचा चौधरी ने बताया कि चुनाव में कुल 26 प्रत्याशी मैदान में हैं और 666 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से कराया जाएगा। शाम पांच बजे तक मतदान होगा, उसके बाद मतगणना शुरू की जाएगी और रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें