गाजियाबाद में भाकियू 13 अगस्त को निकालेगी किसान ट्रैक्टर तिरंगा मार्च, 500 से ज्यादा ट्रैक्टर होंगे शामिल
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
कुमुद मिश्रा
गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रवेश द्वार गाजियाबाद के किसान इस बार आजादी का जश्न अपने अंदाज में मनाने की तैयारी कर रहे हैं। 13 अगस्त को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की तरफ से ट्रैक्टर तिरंगा मार्च निकाला जाएगा, जिसमें जिले के सैकड़ों किसान तिरंगा लगाकर ट्रैक्टरों के साथ शामिल होंगे। इस मार्च के जरिए देश के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया जाएगा।
दुहाई से शुरू होकर मुख्यालय तक
मार्च की शुरुआत दुहाई गांव के पास ईस्टर्न पेरिफेरल पुल के नीचे से होगी और इसका समापन जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। इस मौके पर करीब 500 ट्रैक्टर शामिल होने की संभावना है। हर ट्रैक्टर पर तिरंगे के साथ भाकियू का झंडा भी लगाया जाएगा।
सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी
मार्च की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में भाकियू के राष्ट्रीय सचिव चौधरी ओमपाल सिंह ने किसानों से अपील की कि वे इस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने तहसील, ब्लॉक और गांव स्तर पर सभी पदाधिकारियों को तैयारी में जुट जाने को कहा है। बैठक में यशवीर सिंह, छोटे चौधरी, सतेंद्र तेवतिया और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
शांति से निकलेगी यात्रा
युवा जिलाध्यक्ष छोटे चौधरी ने साफ किया कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी। कोई हंगामा या रास्ता जाम नहीं किया जाएगा। अगर कोई शरारत करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ किसान नेता महेश यादव ने कहा कि जिले का हर किसान इस मार्च में हिस्सा लेकर देशभक्ति का पैगाम देगा। भाकियू जिला प्रभारी जयकुमार मलिक ने कहा कि यह मार्च किसानों की एकता और देश से जुड़ेपन को दिखाएगा। साथ ही स्वतंत्रता दिवस से पहले लोगों को एक अच्छा संदेश भी मिलेगा।
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें