राजनगर एक्सटेंशन में हुआ संस्कार भारती का संस्कार मित्र मिलन, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित आशियाना शिव मंदिर परिसर में रविवार को संस्कार भारती ईकाई का संस्कार मित्र मिलन कार्यक्रम हुआ। सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में भजन, कविता और नृत्य प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया।

गायत्री मंत्र से हुआ आगाज़

कार्यक्रम की अध्यक्षता आशियाना सोसायटी शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष निखिल त्यागी ने की। शुभारंभ गायत्री मंत्र व सरस्वती पूजन से हुआ, जिसमें सभी ने भाग लिया। अमृता श्रीवास्तव और उनके बच्चों ने संस्कार भारती ध्येय गीत व मधुर राम स्तुति प्रस्तुत कर वातावरण भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में प्रस्तुति देते बच्चे

मुख्य वक्ताओं के विचार

संस्कार भारती के कार्यकारी अध्यक्ष अतुल प्रकाश भटनागर ने संस्था के उद्देश्य बताते हुए कहा कि कला और सामाजिक चेतना के माध्यम से सत्य, शिव और सुंदर का साक्षात्कार कराया जाता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत त्यागी ने इसे विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति की पताका फहराने वाला संगठन बताया। वहीं एम.के. अग्रवाल ने समाज में ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी शाम

बच्चों ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम और नृत्य प्रस्तुत किए। गुलमोहर गार्डन की रेनू सिंह, नीतु मिश्रा, रिचा वार्ष्णेय, तनु त्रिहान, अंजू और संगीता त्यागी ने भी सक्रिय भागीदारी की। सनत जैन ने कविता सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध किया, जबकि चिंकी शर्मा के निर्देशन में रामेश्वरम सोसायटी के बच्चों ने नृत्य पेश किया। संयोजक सत्य प्रकाश भटनागर, सह-संयोजक निशांत कौशिक, सन्नी भल्ला और डा. सरिता के योगदान से कार्यक्रम सफल रहा। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार त्यागी और राजनगर एक्सटेंशन के अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" को जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ