हिंदी दिवस पर वाद-विवाद प्रतियोगिता और कविता के जरिए छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

अशहर इब्राहिम
गाजियाबाद। राम चमेली चढ़ा विश्वास गर्ल्स कॉलेज में हिंदी दिवस को महिला सशक्तिकरण क्लब के सहयोग से विशेष रूप से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. नीतू चावला ने की, जबकि उद्घाटन बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. वीना दलाणिया ने किया। उन्होंने कहा कि हिंदी सिर्फ भाषा नहीं बल्कि राष्ट्र की अस्मिता और गौरव का प्रतीक है।

हिंदी की महत्ता पर जोर

डॉ. वीना दलाणिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि सरल और संवेदनशील हिंदी भारत की शान है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे हिंदी को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखें, बल्कि अपने जीवन में गर्व के साथ इसका प्रयोग करें।

प्रतियोगिताओं में दिखी ऊर्जा

महिला सशक्तिकरण क्लब की प्रमुख डॉ. नीलम श्रीवास्तव के संचालन में वाद-विवाद प्रतियोगिता और स्वरचित कविता पाठ आयोजित किए गए। बहस का विषय था "क्या शिक्षण संस्थानों में लड़कियों के लिए आत्मरक्षा कौशल शिक्षा अनिवार्य होनी चाहिए?" इसमें छात्राओं ने अपने तर्कों से माहौल को जीवंत बना दिया।

विजेताओं को मिला सम्मान

वाद-विवाद प्रतियोगिता में आंचल, स्वाति वर्मा और पूनम सिंह ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, स्वरचित कविता प्रतियोगिता में पूजा, आकांक्षा और स्मृति झा विजेता रहीं। अंत में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और सभी शिक्षिकाओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" को जरूर फॉलो करें। 

टिप्पणियाँ