प्रताप विहार में पानी भरने गई महिला पर जानलेवा हमला, पैर तोड़ा

हमले में घायल महिला परिजनों के साथ
मौन एक्सप्रेस संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब प्रताप विहार बी ब्लॉक में कुछ दबंगों ने एक महिला और उसकी साथियों पर लाठी-डंडे और देसी कट्टे से जानलेवा हमला कर दिया। घायल महिला नगमा के पैर की हड्डी टूट गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया, जबकि पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

पानी भरने गई महिलाओं पर हमला

नगमा ने बताया कि रोज की तरह वो अन्य महिलाओं के साथ पानी के प्लांट से पानी लेने पहुंची थी। इसी दौरान प्लॉट मालिक मोहित बैसला, अमित बैसला और कुछ अज्ञात युवकों से विवाद हो गया। आरोपियों ने अचानक हमला बोलते हुए उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने कट्टा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिलाएं जान बचाकर भागीं लेकिन नगमा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।

घायल नगमा

पुलिस की देरी से बढ़ा गुस्सा

सूचना के बावजूद पुलिस देर से पहुंची और अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में काम कर रही है। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नगमा के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।

जिला बदर रह चुका है आरोपी

मुख्य आरोपी मोहित बैसला पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका है और वह जिला बदर रह चुका है। कुछ समय पहले उसने मंत्री नरेंद्र कश्यप के रिश्तेदार से भी मारपीट की थी।

आंदोलन की चेतावनी

घटना के बाद प्रताप विहार क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। घायल नगमा अस्पताल में भर्ती है और उसका परिवार न्याय की उम्मीद में पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है। उधर इस संबंध में जब थाना विजयनगर प्रभारी से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो गया।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" को जरूर फॉलो करें।

Comments