राजनगर फ्लाईओवर से 50 फीट नीचे गिरी कार: पिता की मौत, बेटा घायल

पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में गिरी कार
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार राजनगर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर करीब 50 फीट नीचे पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में जा गिरी। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस का कहना है कि नींद की झपकी हादसे की प्रमुख वजह लगती है।

फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर गिरी कार

तड़के करीब तीन बजे अचानक आई तेज आवाज से आसपास के लोग चौंक गए। पुलिस के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और राजनगर फ्लाईओवर पर अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए 50 फीट नीचे पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में जा गिरा। जोरदार टक्कर के कारण कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई।

कार में थे पिता-पुत्र, पिता की मौत

कार में दो लोग प्रिंस और उनके पिता राकेश सवार थे, जो जग्रति विहार, संजय नगर के निवासी बताए गए हैं। कार प्रिंस चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गंभीर हालत में यशोदा अस्पताल भेजा गया। थाना सिहानी गेट के प्रभारी ने बताया कि इलाज के दौरान राकेश ने दम तोड़ दिया, जबकि बेटा प्रिंस फिलहाल खतरे से बाहर है।

नींद की झपकी बनी वजह

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि प्रिंस को अचानक नींद की झपकी आई, जिससे कार पर नियंत्रण हट गया। रात के समय तेज रफ्तार और थकान की वजह से ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। जिस तरह कार ने रेलिंग तोड़कर नीचे गिरने से पहले कई मीटर तक घिसटते हुए टक्कर मारी, उससे रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस जांच जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। कार को कब्जे में लेकर उसकी तकनीकी स्थिति की भी जांच कराई जाएगी, ताकि दुर्घटना की सभी परिस्थितियाँ स्पष्ट हो सकें। पुलिस ने लोगों को देर रात वाहन चलाते समय सतर्क रहने और थकान को हल्के में न लेने की सलाह दी है।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ