- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
जीडीए ने नगर निगम को सौंपी शहर की सात प्रमुख योजनाएं, रखरखाव के लिए प्राधिकरण देगा 66.32 करोड़ रुपये का फंड
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और नगर निगम के बीच लंबे समय से चल रही हैंडओवर प्रक्रिया पर बुधवार को अंतिम मुहर लग गई। जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मौजूदगी में हुई हाई-लेवल बैठक में सात प्रमुख योजनाओं के हस्तांतरण की कार्यवाही पूरी की गई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने हस्तांतरण कार्यवृत पर हस्ताक्षर किए, जिसके बाद अब इन क्षेत्रों के विकास की कमान नगर निगम के हाथों में आ गई है।
इन क्षेत्रों का हुआ हस्तांतरण
जीडीए द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस हैंडओवर में स्वर्णजयंतीपुरम, कर्पूरीपुरम का बी-ब्लॉक, गोविंदपुरम योजना का सीपी ब्लॉक और प्रताप विहार सेक्टर-12 स्थित भवराव देवरस योजना (केए व बीएच ब्लॉक) शामिल हैं। इनके साथ ही राजनगर एक्सटेंशन की 45 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क, गोविंदपुरम का चालू एसटीपी और प्राधिकरण का नगर निगम स्थित कार्यालय भवन भी निगम को सौंप दिया गया है।
![]() |
बैठक में शामिल जीडीए-नगर निगम के अधिकारी |
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जीडीए की इन विकसित योजनाओं का हैंडओवर ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए कुल 66 करोड़ 32 लाख रुपये पर सहमति बनी है, जो निगम को दो किस्तों में मिलेंगे। पहली किस्त 33 करोड़ 16 लाख रुपये का भुगतान जीडीए द्वारा एक फरवरी 2026 को किया जाएगा, जबकि दूसरी किस्त 25 मार्च 2026 तक मिलेगी। एक अप्रैल 2026 से इन योजनाओं की सड़कें, नालियां, वाटर लाइन, ट्यूबवेल, ओवरहेड टैंक, सीवर लाइन, फुटपाथ और पार्कों की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।
पहले मांगे थे 87 करोड़ रुपए
जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने नगर निगम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वर्णजयंतीपुरम की सड़कों, सीवर, जलापूर्ति और उद्यानीकरण के लिए तय धनराशि निगम को दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले यह मांग 87 करोड़ सात लाख रुपये की थी, लेकिन आपसी विचार-विमर्श के बाद इसे 66 करोड़ 32 लाख रुपये पर फाइनल किया गया। यह फंड मिलने से निगम इन कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइट और पार्क जैसे जरूरी काम बेहतर ढंग से करा सकेगा।
बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी
हैंडओवर की इस प्रक्रिया के दौरान दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम की तरफ से अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज, प्रभारी प्रकाश आश कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश उपस्थित थे। वहीं जीडीए की ओर से मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित अन्य विभागों के प्रभारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।
Civic Amenities Ghaziabad
GDA
GDA Maintenance Fund
GDA VC
Govindpuram STP
Handover News
Municipal Commissioner
Nagar Nigam
Rajnagar Extension road
Swarnjayanti Puram
स्थान:
India
- लिंक पाएं
- X
- ईमेल
- दूसरे ऐप


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें