ठिठुरते बचपन और बुजुर्गों के लिए 'कवच' बनीं ACP प्रियांशी पाल, शाम ढलते ही झुग्गियों में पहुँचाया सुकून

ठिठुरते बुजुर्ग को कंबल उड़ातीं एसीपी प्रियाश्री पाल 
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। शनिवार शाम करीब 7 बजे जब पूरा शहर कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए अपने घरों की ओर भाग रहा था, तब एसीपी वेव सिटी प्रियांशी पाल सड़कों पर पैदल गश्त कर रही थीं। गश्त के दौरान जब उनकी नजर क्रॉसिंग रिपब्लिक अंडरपास के नीचे खुले में ठिठुर रहे मासूम बच्चों और बेबस बुजुर्गों पर पड़ी, तो उनकी ममता जाग उठी। उन्होंने फौरन सुरक्षा ड्यूटी के साथ-साथ सेवा का मोर्चा संभाला और अपनी टीम के साथ इन बेसहारा लोगों की मदद के लिए पहुँच गईं।
कंबल पाकर पुलिस टीम का आभार जताता बुजुर्गों 

सड़कों पर सुरक्षा और मन में करुणा

एसीपी प्रियांशी पाल ने थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस बल के साथ क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त की। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी और पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। लेकिन गश्त के बीच ही उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता दी और बेसहारा लोगों का हाल जानने के लिए अपनी गाड़ियाँ रुकवा दीं।
गरीबों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने वाली पुलिस टीम

25 परिवारों को मिली ठंड से निजात

​एसीपी प्रियांशी पाल खुद जल प्लांट रोड और अंडरपास के नीचे बसी झुग्गियों में गईं और वहां रह रहे करीब 25 परिवारों को गर्म कंबल भेंट किए। जब एसीपी ने खुद अपने हाथों से ठिठुरते बच्चों को कंबल ओढ़ाए, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पुलिस के इस मानवीय चेहरे ने यह साबित कर दिया कि वर्दी केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि अपनों जैसा प्यार और सहारा भी देना जानती है।
टीम के साथ गश्त करतीं एसीपी प्रियांशी पाल

क्या बोलीं ​एसीपी प्रियांशी पाल 

​एसीपी प्रियांशी पाल ने बताया कि शाम 7 बजे गश्त के दौरान जल प्लांट रोड और अंडरपास के पास कई परिवार कड़ाके की ठंड में खुले में ठिठुरते हुए मिले। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना हमारा पहला काम है, लेकिन इंसानियत के नाते इन लोगों को सहारा देना भी उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ हमने करीब 20-25 परिवारों को कंबल बांटे हैं, ताकि इस सर्द रात में उन्हें कुछ गर्माहट और राहत मिल सके।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ