ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी में अकेले रह रहे व्यक्ति की मौत, एओए ने सुरक्षा के लिए उठाए बड़े कदम


विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ अकेले रह रहे एक व्यक्ति की सोते समय हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे कश्मीर अपने घर जाने वाले थे, लेकिन 30 तारीख की रात को हुए इस हादसे का पता करीब 10 दिन बाद चला। इस मर्मस्पर्शी घटना के बाद सोसाइटी की एओए (AOA) ने सुरक्षा को लेकर कड़े फैसले लिए हैं, ताकि भविष्य में अकेले रहने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ ऐसी अनहोनी न हो।

एक दुखद हादसे से लिया सबक

​यह हादसा तब सामने आया जब अकेले रह रहे निवासी की बंद घर में मृत्यु हो गई और काफी दिनों तक किसी को पता नहीं चला। इस घटना से पूरी सोसाइटी मर्माहत है। इसे गंभीरता से लेते हुए एओए अध्यक्ष एडवोकेट लवीश त्यागी ने तुरंत नई मुहिम शुरू की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम अकेले रहने वाले बुजुर्गों और युवाओं के संरक्षण के लिए है, ताकि मुसीबत में उन्हें तुरंत मदद मिल सके।

सोसाइटी में लागू हुए नए नियम

लवीश त्यागी
इस हादसे के बाद एओए ने सोसायटी में सुरक्षा पुख्ता करने के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अध्यक्ष लवीश त्यागी ने बताया कि अब सोसाइटी में रहने वाले हर मालिक, किराएदार और अकेले रहने वाले व्यक्ति का पूरा डेटा अपडेट किया जाएगा। विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्गों की एक अलग सूची तैयार की जा रही है। इसका मकसद यह है कि मैनेजमेंट को हर पल यह जानकारी रहे कि सोसाइटी में कौन व्यक्ति अकेला रह रहा है और उसे किस तरह की निगरानी की जरूरत है।

गार्ड्स को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी

​एओए ने अब सिक्योरिटी गार्ड्स की जिम्मेदारी तय कर दी है। गार्ड्स को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन अकेले रहने वाले निवासियों के घर जाकर उनका हाल-चाल लेंगे। इसके साथ ही, अकेले रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहर जाते समय टावर गार्ड को जरूर सूचित करें। साथ ही, आपातकालीन स्थिति के लिए उनके नजदीकी रिश्तेदारों के नंबर अनिवार्य रूप से लिए जा रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ