विजय नगर फुट ओवर ब्रिज को सैद्धांतिक मंजूरी, विधायक संजीव शर्मा की पहल हुई सफल

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। विजय नगर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित पैदल ऊपरगामी सेतु (फुट ओवर ब्रिज) के निर्माण को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। यह मंजूरी शहर विधायक संजीव शर्मा के लगातार प्रयासों और सीधे हस्तक्षेप का परिणाम मानी जा रही है। लंबे समय से इस स्थान पर सुरक्षित पारपथ की मांग उठ रही थी।

दो मुलाकात, लगातार प्रयास

विधायक संजीव शर्मा ने इस सेतु की स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री से दो बार व्यक्तिगत मुलाकात की थी। उन्होंने पुल को अतिशीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया और विभिन्न विभागों व संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। विधायक संजीव शर्मा ने बताया कि उनका उद्देश्य यहां हाईवे पार करने के दौरान हो रहे हादसों पर रोक लगाना और आमजन को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना है। 
हाइवे पर निरीक्षण के दौरान विधायक संजीव शर्मा

हादसे ने बढ़ाई गंभीरता

विजय नगर निकासी कट पर कुछ समय पूर्व तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ट्रैफिक सिपाही की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना ने वहां की खतरनाक स्थिति को उजागर कर दिया। विद्यार्थियों, बुजुर्गों और दैनिक यात्रियों के लिए सड़क पार करना जोखिम भरा बना हुआ था। ऐसे में फुट ओवर ब्रिज की मांग को प्राथमिकता मिली।

एक्सप्रेसवे कट का काम

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के निकासी और प्रारंभिक कट के चौड़ीकरण को लेकर भी विधायक ने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखा था। सहमति मिलने के बाद इस पर कार्य प्रगति पर है। प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिज में एस्केलेटर और बुजुर्गों के लिए लिफ्ट जैसी सुविधाएं शामिल किए जाने की उम्मीद है, जिससे यह केवल एक पुल नहीं बल्कि सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था बनेगा। विधायक संजीव शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय विजय नगर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा तथा विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ