नेताजी की फाइलें सार्वजनिक करने की मांग, शमशेर राणा ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते शमशेर राणा
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। स्वतंत्रता सेनानी स्वामी रामानंद ट्रस्ट के अध्यक्ष और मशहूर शूटर शमशेर राणा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की गोपनीय फाइलों को दोबारा सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। शुक्रवार को नेताजी की जयंती (पराक्रम दिवस) के मौके पर राणा ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसे नगर मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय ने ग्रहण किया। शमशेर राणा ने साफ कहा कि नेताजी के पराक्रम और उनके इतिहास को जानने का हक हर भारतीय को है, इसलिए सरकार को रुकी हुई प्रक्रिया फिर शुरू करनी चाहिए।

​फाइलों पर फिर से मुहिम

​शमशेर राणा ने बताया कि उन्होंने वर्षों से नेताजी की फाइलों को सार्वजनिक करने की मुहिम चला रखी है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में यह प्रक्रिया ठंडी पड़ गई। उन्होंने मांग की है कि जो फाइलें अभी भी बंद हैं, उन्हें तुरंत आम जनता के सामने लाया जाए। राणा के मुताबिक, अगर ये फाइलें सिर्फ ऑनलाइन उपलब्ध हैं, तो आम जनता तक इनकी पहुंच नहीं हो पाती। सरकार को इन्हें खबरों के माध्यम से लगातार सार्वजनिक करना चाहिए।

​इंडिया गेट पर संग्रहालय की मांग

​ट्रस्ट ने राष्ट्रपति से अपील की है कि इंडिया गेट पर नेताजी की मूर्ति के साथ-साथ आजाद हिंद फौज और आजाद हिंद सरकार का एक भव्य संग्रहालय (म्यूजियम) बनाया जाए। शमशेर राणा का कहना है कि नेताजी का साहस, युद्ध कौशल और नेतृत्व युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। जब तक उनके जीवन से जुड़े अनछुए पहलुओं और गोपनीय दस्तावेजों को दुनिया के सामने नहीं लाया जाएगा, तब तक इतिहास के साथ न्याय नहीं होगा।

​वकीलों का भारी समर्थन

​इस मांग को लेकर सिविल बार एसोसिएशन गाजियाबाद के वकीलों ने भी अपनी आवाज बुलंद की है। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर शमशेर राणा की इस मुहिम को अपना समर्थन दिया। ज्ञापन पर अमित कुमार नेहरा, प्रमोद शर्मा, अतुल्य त्यागी, जितेंद्र सिंह, तान्या शर्मा और वंदना सिंह समेत दर्जनों अधिवक्ताओं ने हस्ताक्षर किए हैं। सभी ने एक सुर में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के महानायक नेताजी के कारनामों को पूरी दुनिया इतिहास के रूप में जानना चाहती है।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ