न्यू ईयर की पार्टी बनी दहशत: तेज म्यूजिक के विरोध पर घर में घुसकर हमला, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस

परिवार पर हमला बोलते हुड़दंगी 
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित सुशांत एक्वापोलिस सोसाइटी में नए साल की रात जश्न अराजकता में बदल गया। तेज म्यूजिक का विरोध करना एक परिवार को इतना भारी पड़ा कि दर्जनों युवक-युवतियां उनके फ्लैट में घुस आए और मारपीट कर डाली। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दो दिन बाद, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

शोर से शुरू हुआ विवाद

न्यू ईयर की रात सोसाइटी में कुछ युवक-युवतियां तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर पार्टी कर रहे थे। देर रात बढ़ते शोर से परेशान होकर हितेश शर्मा ने बाहर आकर सिर्फ म्यूजिक की आवाज कम करने को कहा। यह सामान्य-सी बात पार्टी कर रहे लोगों को नागवार गुजरी और देखते ही देखते कहासुनी शुरू हो गई।
सोसायटी में हुड़दंग काटते आरोपी युवक

फ्लैट में घुसकर हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपी आपा खो बैठे। आरोप है कि दर्जनों की संख्या में लड़के-लड़कियां हितेश के फ्लैट में जबरन घुस आए। घर के अंदर घुसकर न सिर्फ गाली-गलौज की गई, बल्कि हितेश और उनके परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें साफ दिखता है कि भीड़ एक घर को निशाना बना रही है।

वीडियो के बाद जागी पुलिस

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन शुरुआती दो दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे, तब जाकर हरकत हुई। 
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल

क्या बोलीं एसीपी

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से सोसाइटी के निवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ