राजनगर एक्सटेंशन की दो बड़ी सोसायटियों में एओए चुनाव का शंखनाद, डॉ. राजेश तेवतिया को मिली कमान

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की दो प्रमुख सोसायटियों, गुलमोहर गार्डन और एससीसी सफायर में एओए (AOA) चुनाव की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश पर डॉ. राजेश तेवतिया को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्होंने पदभार संभालते ही चुनाव की तैयारियों को लेकर कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं।

डॉ. राजेश तेवतिया बने चुनाव अधिकारी

​शासन द्वारा डॉ. राजेश तेवतिया को दोनों सोसायटियों का नामित निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने कार्यभार संभालते ही स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। डिप्टी रजिस्ट्रार मेरठ के निर्देशों के तहत यह नियुक्ति की गई है ताकि सोसायटियों में लोकतांत्रिक तरीके से नई कार्यकारिणी का गठन हो सके। उनकी देखरेख में ही अब मतदाता सूची से लेकर नामांकन तक की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

​पहली बैठक का समय तय

निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव की शुरुआत के लिए 24 जनवरी 2026 की तारीख तय की है, जिसमें एससीसी सफायर में शाम 5:30 बजे और गुलमोहर गार्डन में शाम 6:30 बजे सोसायटियों के प्रांगण में ही पहली बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मौजूद निवासियों को चुनाव के नियमों और आगे की समय सीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। अधिकारी ने सभी निवासियों से समय पर उपस्थित रहने की अपील की है।

प्रशासनिक स्तर पर हुई तैयारी

​चुनाव की घोषणा के साथ ही इसकी सूचना जिलाधिकारी गाजियाबाद और डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय को भेज दी गई है। डॉ. तेवतिया ने कालातीत हो चुकी पुरानी कमेटियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न डालें और पूरा सहयोग करें। सोसायटियों के नोटिस बोर्ड पर भी आदेश की कॉपियां चस्पा कर दी गई हैं ताकि हर एक निवासी को अपने मताधिकार और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी समय पर मिल सके।
विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ