गुलमोहर एन्क्लेव: आरडब्ल्यूए मेंबर ने पेड़ों पर चलाई आरी, अब हुआ मुकदमा दर्ज

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में 'ट्रिमिंग' के नाम पर हरे पेड़ों को बेरहमी से काटने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी सदस्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

​नियमों के विरुद्ध हुई कटाई

​सोसाइटी में पिछले माह 23 दिसंबर 2025 को ट्रिमिंग के बहाने दर्जनों हरे पेड़ों की टहनियों को पूरी तरह साफ कर दिया गया था। जब स्थानीय निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई, तो कर्मियों ने स्पष्ट किया कि वे आरडब्ल्यूए के आदेश पर काम कर रहे हैं। वन विभाग ने जांच के बाद इसे अवैध माना और पाया कि यह पर्यावरण संरक्षण नियमों का खुला उल्लंघन है।

जांच और कानूनी कार्रवाई

​स्थानीय निवासी गौरव बंसल की शिकायत पर वन दरोगा अंकुश चौधरी और वन रक्षक निशांत वर्मा ने मौके का निरीक्षण किया था। हालिया अपडेट के अनुसार, वन विभाग ने आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी सदस्य मनवीर चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभाग अब इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।

​सोसाइटी निवासियों में हर्ष

​वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से गुलमोहर एन्क्लेव के निवासियों ने राहत की सांस ली है। निवासियों का कहना है कि गाजियाबाद के बढ़ते प्रदूषण के बीच पेड़ों का इस तरह कत्लेआम बेहद दुखद था। गौरव बंसल और अन्य सदस्यों के अनुसार, इस मिसाल के बाद अब भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोसाइटी के हरित क्षेत्र को नुकसान पहुँचाने की हिम्मत नहीं करेगा।
विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ