 |
| टंकी की टूटी छत का हिस्सा |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद की वैशाली कॉलोनी में 15 हजार लोगों के सामने पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। यहाँ सेक्टर-5 स्थित करीब 25 साल पुरानी पानी की टंकी का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर टंकी के अंदर ही ढह गया। इस हादसे की वजह से पूरे इलाके में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई है और लोग बूंद-बूंद को तरस रहे हैं।
तेज धमाके के साथ गिरा मलबा
जानकारी के मुताबिक, वैशाली सेक्टर-5 में कल सुबह लोगों की नींद एक खौफनाक आवाज के साथ खुली। बाहर जाकर जांच करने पर पता चला कि वहां स्थित पानी की टंकी का ऊपरी हिस्सा ढहकर टंकी के अंदर ही समा गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कुछ युवकों ने टंकी पर चढ़कर इसका वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऊपरी हिस्से का भारी-भरकम मलबा टंकी के अंदर गिरने की वजह से सप्लाई लाइन पूरी तरह बाधित हो गई है और पूरे सेक्टर की पानी की आपूर्ति रुक गई है।
प्रशासनिक लापरवाही और जांच का खेल
इस गंभीर मामले में नगर निगम के जीएम जलकल कामाख्या प्रसाद ने बताया कि इस टंकी का निर्माण पूर्व में जीडीए द्वारा कराया गया था, जिसने करीब 20 साल पहले इसे नगर निगम को हैंडओवर किया था। टंकी के काफी पुराना और जर्जर होने के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि, इसकी मरम्मत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि छत का हिस्सा ठीक होना मुश्किल है और पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फैसला होगा कि इसी हिस्से को सही किया जा सकता है या पूरी नई टंकी का निर्माण करना पड़ेगा।
कम प्रेशर और हाईराइज में हाहाकार
स्थानीय पार्षद राजकुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-5 की 15 हजार की आबादी के लिए यह जीवन-मरण का सवाल बन गया है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सेक्टर-4 की टंकी से सप्लाई तो शुरू की गई है, लेकिन उसका प्रेशर इतना कम है कि पानी ऊपरी मंजिलों तक नहीं चढ़ पा रहा। सबसे ज्यादा मुसीबत हाईराइज बिल्डिंगों में रहने वाले परिवारों के लिए है, जिन्हें नीचे से बाल्टियों में पानी भरकर ले जाना पड़ रहा है। नगर निगम ने अब कल से टैंकरों के जरिए पानी भेजने का आश्वासन दिया है ताकि जनता की परेशानी कुछ कम हो सके।
विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें