वैशाली के नामचीन होटल सरोवर पोर्टिको में जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़, मैनेजर समेत 3 गिरफ्तार

सेक्स रैकेट का खुलासा करते एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट को बेनकाब किया है। कौशांबी थाना क्षेत्र के हाई-प्रोफाइल 'सरोवर पोर्टिको' होटल में चल रहे इस काले धंधे की सूचना मिलने पर पुलिस ने जब रेड डाली, तो वहां हड़कंप मच गया। होटल के बंद कमरों में ग्राहकों की डिमांड पर लड़कियां बुलाई जा रही थीं। पुलिस ने मौके से होटल मैनेजर सहित तीन मुख्य आरोपियों को दबोचा है और 11 महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

​पुलिस की रेड और बरामदगी

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि डायल 112 के जरिए मिली सटीक सूचना के बाद टीम गठित कर सरोवर पोर्टिको होटल में छापेमारी की गई। पुलिस के दाखिल होते ही वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। कमरों की तलाशी के दौरान युवक और महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। बताया जा रहा है कि होटल मैनेजर राहुल शर्मा, ग्राहकों को बुलाने वाला अंकित चौहान और सुनील मिलकर इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे।
होटल से पकड़ी गईं लड़कियां

विदेशी लड़कियों का कनेक्शन

होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को चौंकाने वाले सुराग मिले हैं। फुटेज में कई विदेशी युवतियां भी होटल में आते-जाते दिखाई दी हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े हो सकते हैं। हिरासत में ली गई लड़कियों ने पूछताछ में कुबूल किया कि उन्हें सिर्फ होटल में ही नहीं रखा जाता था, बल्कि ग्राहकों की डिमांड के हिसाब से अन्य लोकेशन्स पर भी भेजा जाता था।
इसी होटल में चल रहा था देह व्यापार

रसूखदार लोगों के नाम

पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के रसूखदारों में खौफ पैदा हो गया है। जांच के दौरान कई हाई-प्रोफाइल व्यापारियों और बड़े बिजनेसमैन के नाम सामने आए हैं जो यहां के नियमित ग्राहक थे। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव के मुताबिक, चार अन्य आरोपी युवक रेड के दौरान चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अब इन सफेदपोशों और फरार अपराधियों का पूरा कच्चा चिट्ठा तैयार करने में जुटी है।
विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ