सनराइज ग्रीन्स में अवैध क्लाउड किचन के खिलाफ फूटा गुस्सा, रेजिडेंट्स ने निकाली रैली, उठाई बंद करने की मांग

क्लाउड किचन के खिलाफ रैली निकलते रेजिडेंट्स
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित सनराइज ग्रीन्स सोसाइटी में अवैध और असुरक्षित क्लाउड किचनों के खिलाफ रविवार को निवासियों का गुस्सा खुलकर सामने आया। सोसाइटी के 200 से अधिक लोगों ने शांतिपूर्ण मार्च और प्रदर्शन कर बढ़ते अग्नि-खतरे पर चिंता जताई। रैली में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल रहे।
हाथों में तख्तियां लेकर विराध जताते लोग

रिहायशी इलाके में खतरा

निवासियों का कहना है कि सोसाइटी और आसपास के आवासीय परिसरों में बिना किसी अनुमति के क्लाउड किचन संचालित किए जा रहे हैं। इन किचनों में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर, भारी उपकरण और लगातार जलने वाले चूल्हे लगे रहते हैं, जिससे कभी भी बड़ी आग लग सकती है। लोगों का आरोप है कि यह स्थिति पूरे इलाके के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।
क्लाउड किचन के खिलाफ नाराजगी जताते लोग

चार बार लग चुकी है आग

प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में इलाके में चार बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं में दुकानों और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। रैली के दौरान निवासी उन दुकानों के पास भी पहुंचे, जो हाल ही में आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल चुकी हैं, ताकि यह दिखाया जा सके कि खतरा केवल आशंका नहीं बल्कि हकीकत है।
विरोध में परिसर में एकत्र सोसायटी निवासी

शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं

निवासियों का आरोप है कि इस मुद्दे को लेकर कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन को लिखित शिकायतें और पत्र दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से लोगों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।

एओए की मांग

सनराइज ग्रीन्स AOA के अध्यक्ष अमित चौधरी ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसका मकसद हजारों परिवारों की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि अवैध क्लाउड किचन तुरंत बंद किए जाएं, अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और बेसमेंट व रिहायशी इलाकों में किसी भी तरह का व्यावसायिक किचन संचालन रोका जाए, क्योंकि जन-सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ