जान देने के लिए चार मंजिला मकान की छत से लटक गई किशोरी, फायरकर्मियों की सूझबूझ से बची जान

छत से लटकी किशोरी
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लाल मंदिर के पास एक 16 वर्षीय किशोरी जान देने के इरादे से चार मंजिला मकान की छत पर चढ़ गई। समय रहते फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

छत पर खतरनाक कदम

मंगलवार सुबह करीब चार बजे 112 कंट्रोल रूम के जरिए वैशाली फायर स्टेशन को सूचना मिली कि खोड़ा कॉलोनी में एक किशोरी चौथी मंजिल पर बनी पानी की टंकी पर बैठी है और नीचे कूदने की धमकी दे रही है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की डिजास्टर वैन और टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
बच्ची को सकुशल बचाने वाली टीम

समझाते रहे लोग, नहीं मानी बात

फायरकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि किशोरी किसी को पास आता देख कूदने की बात कर रही थी। उसने कई बार नीचे छलांग लगाने की कोशिश भी की। नीचे गली में लोगों की भीड़ जमा हो गई, लोग उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन किशोरी किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी।

फायर टीम की सूझबूझ

स्थिति बिगड़ती देख फायरमैन विनय यादव, आयुष्मान और विकास ने पड़ोसी मकान की छत के रास्ते किशोरी तक पहुंच बनाई। काफी देर तक समझाने और मशक्कत के बाद आखिरकार किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मौके पर खोड़ा थाने की पुलिस भी मौजूद रही। ऑपरेशन के बाद फायर सर्विस टीम वापस लौट गई।

विशेष: रोचक और अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें।

टिप्पणियाँ