गाजियाबाद। लोनी के माधव नगर स्थित लालबाग बस्ती में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सर्व समाज हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति रही, जहां मंच से सामाजिक समरसता, राष्ट्रभावना और संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया।
संतों का ओजस्वी संबोधन
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूरा महादेव बागपत के पुजारी पंडित जय भगवान शर्मा उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता सह प्रांत प्रचारक आनंद ने हिंदू समाज की एकजुटता, परिवार प्रबोधन, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से विचार रखे। मंच संचालन डॉ. राजेश ने किया और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया।
भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान पंडित राम त्रिपाठी ने हनुमान चालीसा का पाठ और भजन प्रस्तुत किए। बच्चों ने योग प्रदर्शन, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक नाटकों के माध्यम से भारतीय परंपरा की झलक दिखाई। आयोजन की शुरुआत सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ की गई, जिसमें समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात कही गई।
एकता पर स्पष्ट संदेश
लोनी से आए त्रिलोचन महाराज ने जातीय भेदभाव समाप्त करने और हिंदू समाज को संगठित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। इस अवसर पर विभाग सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख मोनू, जिला प्रचारक रविन, जिला कार्यवाह डॉ. राजेश, द्वि नगर प्रचारक गोविंद, लोनी भाग कार्यकारिणी तथा माधव नगर की पूरी कार्यकारिणी मौजूद रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद मित्तल ने की।
गणमान्यों की उपस्थिति
सम्मेलन में संतों, पुजारियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। संजीव सोनी, अनिल, युगांतर, प्रदीप त्यागी, अशोक, राजेश, विकास, विष्णु, राम निवास, कैलाश, हरीश, विनोद, त्रिलोक, संजीव, मनीष और दीपक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार अपार जनसमूह के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें