चुनाव कराओ वरना कार्रवाई को रहो तैयार....चुनाव से बचती ऑफिसर्स सिटी-II एओए को डीआर की अंतिम चेतावनी

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की ऑफिसर्स सिटी-2 एओए में चुनाव टालने का खेल अब प्रशासन की नजर में आ गया है। सवा साल से कार्यकाल खत्म होने के बावजूद नई कमेटी का गठन नहीं हुआ और हर बार किसी न किसी बहाने से प्रक्रिया अटकती रही। अब डिप्टी रजिस्ट्रार ने सख्त रुख अपनाते हुए एओए को अंतिम चेतावनी दे दी है।

कालातीत कमेटी का खेल

सोसायटी का कार्यकाल खत्म हुए करीब सवा साल बीत चुके हैं, लेकिन नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव नहीं कराए गए। पिछले साल 14 अक्टूबर को ही चुनाव कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर दिया गया था, ताकि प्रक्रिया तय समय में पूरी हो सके। लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

दस्तावेजों पर अड़ंगा, आरोपों की आड़

निर्वाचन अधिकारी ने हाल ही में रजिस्ट्रार कार्यालय को बताया कि एओए पदाधिकारियों की ओर से जरूरी सहयोग नहीं मिल रहा। वोटर लिस्ट, बायलॉज और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। इसी बीच एओए अध्यक्ष गौरव सोनी लगातार निर्वाचन अधिकारी पर रिश्वत के आरोप लगाते रहे, जबकि रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी एओए की ही थी। कई नोटिस के बाद भी दस्तावेज नहीं दिए गए।
डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार 

डीआर की अंतिम चेतावनी

ताजा पत्र में डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार ने साफ संकेत दिया है कि अब चुनाव में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एओए को निर्देश दिया गया है कि तत्काल सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए जाएं और चुनाव प्रक्रिया में पूरा सहयोग सुनिश्चित किया जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि अब भी टालमटोल हुई तो उत्तर प्रदेश अपार्टमेंट एक्ट 2010 और आदर्श उपविधि 2011 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी मौजूदा पदाधिकारियों पर तय होगी। पत्र की प्रति संबंधित जिला अधिकारियों को भी भेजी गई है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस"  वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव दें।

टिप्पणियाँ