संचार आर्केड रेसीडेंसी में फिर लिफ्ट हादसा: सी-टावर में महिला समेत तीन लोग फंसे, 10 दिसंबर के बाद भी सबक नहीं

लिफ्ट में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालते रेजिडेंट्स
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित संचार आर्केड रेसीडेंसी में रविवार सुबह एक और लिफ्ट हादसे ने प्रबंधन की लापरवाही उजागर कर दी। सुबह 11:45 बजे C टावर की छोटी लिफ्ट अचानक बंद हो गई, जिसमें तीन लोग फंस गए और काफी देर तक अंदर ही जूझते रहे।

दम घुटने लगा, दहशत बढ़ी

लिफ्ट रुकते ही अंदर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। काफी देर तक फंसे रहने के कारण दम घुटने जैसी स्थिति बन गई। बाहर निकलने के बाद तीनों लोग बुरी तरह सहमे हुए थे। मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी तनाव का माहौल रहा।
लिफ्ट में फंसे लोग

पहले भी हो चुका हादसा

10 दिसंबर 2025 को बड़ी लिफ्ट गिरने की घटना ने पहले ही सोसायटी के लोगों का भरोसा तोड़ दिया था। उस हादसे के बाद सुरक्षा सुधार के दावे किए गए, लेकिन हकीकत में हालात जस के तस बने हुए हैं।

एक लिफ्ट पर पूरा बोझ

रेजिडेंट्स ने बताया कि पहले हादसे के बाद बंद हुई बड़ी लिफ्ट आज तक चालू नहीं हो सकी है। पूरी सोसायटी का दबाव एक ही छोटी लिफ्ट पर डाल दिया गया है, जिससे ओवरलोड और खराबी का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश करता युवक

रिपोर्ट दरकिनार, वही एजेंसी

पूर्व में हुई घटना के बाद जीडीए के लिफ्ट इंजीनियर ने जांच के बाद हाई-टेक एलीवेटर को हटाने और नए वेंडर को जिम्मेदारी देने की सिफारिश की थी। इसके बावजूद प्रबंधन समिति ने उसी एजेंसी को बनाए रखा, जो अब सवालों के घेरे में है।

बड़े हादसे का इंतजार?

निवासियों का सीधा आरोप है कि प्रबंधन चेतावनियों को नजरअंदाज कर रहा है। सवाल यह है कि क्या किसी बड़ी जनहानि के बाद ही सिस्टम जागेगा?

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ