सेवी विला चुनाव में डीआर का बड़ा आदेश: बाहर किए गए छह प्रत्याशी फिर मैदान में, पलटी बाज़ी

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की सेवी विला डे एओए चुनाव में बड़ा उलटफेर हो गया है। एक ही टीम के छह नामांकन रद्द करने पर उठे विवाद में डिप्टी रजिस्ट्रार ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी छह उम्मीदवारों को दोबारा चुनाव प्रक्रिया में शामिल करने के आदेश दे दिए हैं।

नोटिस का नहीं दिया जवाब

मामले में शिकायतकर्ता हेमंत कुमार की ओर से 16 मार्च 2026 को आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इसके आधार पर डिप्टी रजिस्ट्रार ने 19 मार्च को चुनाव अधिकारी व जिला बचत अधिकारी मयंक कुमार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। लेकिन एक दिन बाद तक कोई जवाब नहीं मिलने पर डीआर ने सीधे आदेश जारी कर दिए।

एक टीम पर कार्रवाई से उठा विवाद

शिकायत में आरोप था कि एक ही टीम के छह प्रत्याशियों के नामांकन एक साथ निरस्त कर दिए गए, जबकि उन्हें त्रुटि सुधारने का मौका तक नहीं दिया गया। इसे प्राकृतिक न्याय के खिलाफ बताया गया। इसी आधार पर डीआर ने चुनाव प्रक्रिया को एकतरफा मानते हुए हस्तक्षेप किया।

इन प्रत्याशियों की हुई वापसी

जिन उम्मीदवारों को पहले बाहर कर दिया गया था, उनमें विवेक अरोड़ा, हेमंत कुमार, अंकुर कुमार पांडेय, जयंत कुमार, मीना देवी  और रामाकांत बराल शामिल हैं। अब इन सभी को फिर से चुनाव में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

फिर करवट ले गया चुनाव

डीआर ने आदेश में साफ किया है कि यूपी अपार्टमेंट एक्ट 2010 और सोसायटी बायलॉज के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराया जाए। इस फैसले के बाद सेवी विला डे का चुनाव, जो अब तक एकतरफा होता दिख रहा था, एक बार फिर मुकाबले में बदल गया है। दूसरी तरफ प्रत्याशियों का कहना है कि चुनाव अधिकारी द्वारा उन्हें अभी तक भी ना तो बैलेट पेपर का सैंपल ही दिया गया है और ना ही उनसे पोलिंग एजेंटों के नाम मांगे गए हैं। 

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ