गुलमोहर गार्डन में ‘टीम संकल्प’ की सुनामी, पूर्व एओए से नाराजगी में टीम उन्नति साफ

जीत के बाद जश्न मनाते टीम संकल्प के समर्थक
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की गुलमोहर गार्डन सोसायटी के एओए चुनाव में टीम संकल्प ने इतिहास रचते हुए सभी 10 सीटों पर कब्जा जमा लिया। एकतरफा मुकाबले में टीम उन्नति का पूरी तरह सूपड़ा साफ हो गया। परिणाम आते ही सोसायटी में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने जीत को बदलाव का जनादेश बताया।

मतदान से नतीजे तक

सोसायटी के दोनों फेज मिलाकर कुल 1331 मतदाता थे, जिनमें से 877 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 223 वोट नहीं डाले गए। सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शाम 5 बजे तक चला। इसके बाद शुरू हुई मतगणना देर रात करीब 10 बजे पूरी हुई, जिसके बाद नामित चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश तेवतिया ने टीम संकल्प को विजेता घोषित कर दिया।
ढोल की थाप पर जश्न मनाते समर्थक

रिकॉर्ड वोटों से जीत

टीम संकल्प के उम्मीदवारों ने न सिर्फ जीत दर्ज की, बल्कि कई प्रत्याशियों ने रिकॉर्ड वोट हासिल किए। विजेताओं में मुकेश भाटिया (472.51), प्रमोद कुमार (466.46), आकांक्षा गुप्ता (462.92), चमन लाल (449.48), राजेश शर्मा (445.21), रचना शर्मा (444.77), संचीत जैन (411.60), रवि अग्रहरी (403.61), वरुण गोयल (397.76) और समीर के. त्रेहान (397.48) शामिल रहे। इन आंकड़ों ने जीत के अंतर को भी साफ तौर पर दिखा दिया।

नाराजगी बनी बड़ा कारण

सोसायटी के लोगों के बीच चर्चा रही कि पूर्व एओए से जुड़ी टीम उन्नति के कामकाज को लेकर असंतोष इस चुनाव में साफ नजर आया। इसी नाराजगी ने उन्नति के सभी प्रत्याशियों की हार की जमीन तैयार की। वहीं टीम संकल्प ने चुनाव से पहले जिन मुद्दों को उठाया और बदलाव के वादे किए, उन्हें रेजिडेंट्स का पूरा समर्थन मिला।
खुशी में जमकर नाचते टीम संकल्प के सपोर्टर

जश्न और उम्मीदों का माहौल

नतीजे घोषित होते ही टीम संकल्प के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोसायटी में जश्न का माहौल बन गया और विजेता प्रत्याशियों का स्वागत किया गया। रेजिडेंट्स का कहना है कि अब नई टीम से बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ