हंगामे के बीच शुरू हुआ गुलमोहर गार्डन चुनाव, धीमी रफ्तार से चल रहा मतदान

मतदान केंद्र में मतपत्र देते पोलिंग एजेंट
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की गुलमोहर गार्डन सोसायटी में एओए चुनाव की वोटिंग रविवार सुबह 10 बजे हंगामे के बीच शुरू हुई। शुरुआत में पुलिस इंतजाम में देरी और आईडी चेकिंग को लेकर विवाद हुआ, जिससे मतदान धीमी गति से शुरू हुआ, हालांकि अब प्रक्रिया जारी है।

शुरुआती हंगामे का असर

मतदान शुरू होते ही पुलिस बल मौके पर नहीं होने से सोसायटी में हंगामे की स्थिति बन गई। वोटर्स और प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच बहस तेज हुई, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी रही। बाद में नंदग्राम थाने से पुलिस बल तैनात किया गया, तब जाकर माहौल सामान्य हुआ और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ने लगी।
आईडी चेक करते चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश तेवतिया

आईडी जांच पर नोकझोंक

वोटिंग के दौरान आईडी चेकिंग को लेकर भी नोकझोंक देखने को मिली। चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश तेवतिया खुद व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोनों पैनल के चार-चार और निर्दलीय प्रत्याशी सीमा गिल के दो पोलिंग एजेंट भी वोटर्स की पहचान जांच में जुटे हैं।

फेज वाइज वोटिंग सिस्टम

सोसायटी में कुल 1331 मतदाता हैं, जिनमें फेज-1 के 653 और फेज-2 के 678 वोटर शामिल हैं। दोनों फेज के लिए अलग-अलग बूथ और बैलेट पेपर की व्यवस्था की गई है। सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके बाद प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतगणना कर रात तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ