तीन दिन के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद सेवी विला डे चुनाव आज, 590 मतदाता कर रहे हैं नई सरकार के लिए वोटिंग
![]() |
| मतदान के लिए लाइन में लगे मतदाता |
विभु मिश्रा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित सेवी विला सोसायटी में कई दिनों से चले आ रहे विवाद और हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच रविवार को आखिरकार मतदान शुरू हो गया है। सुबह 10 बजे शुरू हुई वोटिंग में 590 रेजिडेंट्स 20 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं, जबकि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं ने चुनाव को चर्चा का केंद्र बना दिया था।
नामांकन से शुरू विवाद
चुनाव प्रक्रिया के दौरान सबसे बड़ा विवाद नामांकन जांच में सामने आया, जब चुनाव अधिकारी जिला बचत अधिकारी मयंक कुमार ने एक ही पैनल के छह प्रत्याशियों के एफिडेविट में गड़बड़ी पाते हुए उनके नामांकन रद्द कर दिए। इन सभी के खिलाफ सोसायटी फंड के गलत इस्तेमाल के आरोप में कोर्ट में केस विचाराधीन है। जिसकी पहली सुनवाई 30 मार्च को होनी है। इस फैसले के बाद सोसायटी में माहौल गरमा गया और मामला सीधे डिप्टी रजिस्ट्रार (डीआर) तक पहुंच गया।
नोटिस और पलटा फैसला
शिकायत मिलने के बाद डीआर ने चुनाव अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। इसी बीच चुनाव से ठीक एक दिन पहले बड़ा मोड़ आया, जब पहले बाहर किए गए सभी प्रत्याशियों को फिर से चुनाव में शामिल कर लिया गया। इस फैसले ने पूरे चुनाव को हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल दिया और निष्पक्षता पर सवाल भी खड़े हुए।
अब शांतिपूर्वक मतदान जारी
लगातार विवादों के बाद अब चुनाव अधिकारी मयंक कुमार की निगरानी में मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। सोसायटी के रेजिडेंट्स अब सीधे वोट के जरिए अपनी नई एओए चुनने में जुटे हैं।
विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें