यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले का मामला, पुलिस ने हमलावरों के बैंक खातों की शुरू की जांच

सलीम वास्तिक
विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस अब हमलावरों से जुड़े आर्थिक पहलुओं की भी जांच कर रही है। अस्पताल में भर्ती सलीम वास्तिक की हालत में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है, हालांकि गले में चोट के कारण वह अभी बोल नहीं पा रहे हैं।

हालत में सुधार, डॉक्टरों की निगरानी

अली गार्डन कॉलोनी स्थित कार्यालय में हुए हमले में गंभीर रूप से घायल सलीम वास्तिक का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति पहले से बेहतर है, लेकिन गले में गहरा घाव होने की वजह से आवाज नहीं निकल पा रही है। इसी कारण वह फिलहाल इशारों के जरिए ही अपनी बात बता रहे हैं।

लोगों को पहचान रहे सलीम

अस्पताल पहुंचे लोगों का हाथ पकड़कर सलीम वास्तिक अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इससे साफ है कि वह आसपास मौजूद लोगों को पहचान रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जब उनकी तबीयत पूरी तरह से स्थिर हो जाएगी, तब उनका बयान दर्ज किया जाएगा ताकि हमले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
गुलफाम और जीशान

बैंक खातों की पड़ताल

डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस इस मामले में मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच कर रही है। खातों की जांच से यह पता चल सकता है कि घटना के पीछे कोई और व्यक्ति या आर्थिक मदद तो नहीं थी। हालांकि अब तक खातों से कोई खास सुराग नहीं मिला है।

तीसरे साथी की तलाश जारी

घटना 27 फरवरी की है, जब अमरोहा के सैद नगली निवासी दो भाई जीशान और गुलफाम ने लोनी के अली गार्डन कॉलोनी स्थित कार्यालय में 50 वर्षीय यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमला कर दिया था। सलीम वास्तिक समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते थे। पुलिस मुठभेड़ में दोनों हमलावर मारे जा चुके हैं, जबकि उनके तीसरे साथी की तलाश अभी भी जारी है।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ