गुलमोहर गार्डन में ‘उन्नति बनाम संकल्प’, एक निर्दलीय एंट्री से चुनाव हुआ दिलचस्प

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसायटी में एओए चुनाव का माहौल अब पूरी तरह गरमा चुका है। उम्मीदवारों की अंतिम सूची सामने आते ही चुनावी मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। एक तरफ पूर्व एओए अध्यक्ष अभिषेक पांडेय की अगुवाई वाली टीम उन्नति है तो दूसरी ओर अवधेश मित्तल की कप्तानी में टीम संकल्प मैदान में है। इसी बीच सीमा गिल की निर्दलीय एंट्री ने चुनावी समीकरणों में नया तड़का लगा दिया है।

फाइनल लिस्ट से हलचल

उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होते ही सोसायटी के गलियारों में चुनावी चर्चा तेज हो गई है। दो संगठित पैनलों के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी के उतरने से अब यह चुनाव त्रिकोणीय रंग लेता दिख रहा है। यही वजह है कि इस बार गुलमोहर गार्डन का चुनाव पहले से ज्यादा रोचक माना जा रहा है।

उन्नति टीम का पैनल

टीम उन्नति की कमान पूर्व एओए अध्यक्ष अभिषेक पांडेय संभाल रहे हैं। इस पैनल में अनिमेष, शकुन सिंह, अमित के विश्नोई, धीरज कुमार, अभिषेक कुमार पांडेय, मयंक यादववंशी, प्रभात कुमार सिंह, विनोद कुमार त्यागी, धर्मेंद्र कुमार और सत्य प्रकाश भटनागर मैदान में हैं। टीम अपने अनुभव और पुराने नेटवर्क के दम पर चुनावी बाजी मारने की कोशिश में जुटी है।

संकल्प टीम की चुनौती

वहीं अवधेश मित्तल की अगुवाई में टीम संकल्प भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। इस टीम के उम्मीदवारों में आकांक्षा गुप्ता, मुकेश भटनागर, वरुण गोयल, प्रमोद कुमार, राजेश शर्मा, रचना शर्मा, संचित जैन, रवि अग्रहरी, समीर कुमार त्रेहन और चमन लाल शामिल हैं। टीम संकल्प अपने पैनल को बदलाव और नई सोच का विकल्प बताकर वोटरों तक पहुंच बना रही है।

22 मार्च को फैसला

गुलमोहर गार्डन सोसायटी में एओए चुनाव के लिए 22 मार्च को मतदान होगा। उसी दिन मतगणना भी की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। दो मजबूत पैनलों और एक निर्दलीय उम्मीदवार के मैदान में होने से यह चुनाव अब सोसायटी का सबसे दिलचस्प मुकाबला बन गया है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ