ऑफिसर सिटी-2 एओए चुनाव में वाट्सएप ग्रुप पर जुबानी जंग तेज, आरोपों से गरमाया माहौल

विभु मिश्रा 
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसायटी में एओए चुनाव की घड़ी जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे वैसे चुनावी माहौल में कड़वाहट घुलती जा रही है। प्रचार के दौरान शब्दों की मर्यादा टूट रही है और आरोप प्रत्यारोप का दौर सोसायटी की एकता पर सवाल खड़े कर रहा है। टीम अटल और टीम सत्यम के बीच चल रहे इस मुकाबले ने अब नया मोड़ ले लिया है।

ग्रुप पर आरोप प्रत्यारोप

कुछ सोसायटीवासियों ने बताया कि चुनाव प्रचार में अब सोसायटी के वाट्सएप ग्रुप पर आरोप प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। एक पैनल के द्वारा दूसरे पैनल के खिलाफ जमकर व्यक्तिगत आरोप लगाए जा रहे हैं। सोसायटीवासियों ने बताया कि आरोपों की भाषा लगातार इतनी कड़वी होती जा रही है कि शब्दों की गरिमा का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। रेजिडेंट्स का कहना है कि आरोप प्रत्यारोप के इस दौर ने चुनाव की दिशा बदल दी है।

भाषा की मर्यादा टूटी

सोसायटी की एक महिला रेजिडेंट का कहना है कि चुनाव में आरोप लगते हैं लेकिन ये सोसायटी का चुनाव है। इसमें भाषा मर्यादित रखनी चाहिए। रेजिडेंट्स के मुताबिक सोसायटी में गिने चुने लोग हैं लेकिन स्वार्थ की राजनीति के चलते शब्दों की गरिमा को तार-तार किया जा रहा है। रेजिडेंट्स का मानना है कि ऐसी बयानबाजी से सोसायटी का माहौल खराब हो रहा है।

399 वोटर 19 को डालेंगे वोट

मतदान 19 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक सोसायटी क्लब हाउस में होगा। चुनाव अधिकारी के मुताबिक मतदान के दौरान सभी वोटर्स के लिए फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। 3:15 बजे से मतगणना शुरू होते ही परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।

विशेष: अपने से जुड़ी खबरों के लिए "मौन एक्सप्रेस" वॉट्सएप चैनल और फेसबुक पेज जरूर फॉलो करें। कमेंट बॉक्स में कमेंट कर अपने सुझाव अवश्य दें।

टिप्पणियाँ